Karnal News: हम देंगे हिसाब, तुम भी दो अपना हिसाब, फिल्म अभी बाकी है: नायब सिंह सैनी

0
88
हम देंगे हिसाब, तुम भी दो अपना हिसाब, फिल्म अभी बाकी है: नायब सिंह सैनी
हम देंगे हिसाब, तुम भी दो अपना हिसाब, फिल्म अभी बाकी है: नायब सिंह सैनी

Karnal News (आज समाज) करनाल: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने करनाल जिले के असंध में स्थित नई अनाज मंडी में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित किया। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकतार्ओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री का स्थानीय नेताओं द्वारा पगड़ी पहनाकर सम्मान किया गया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सैनी ने अपने अल्प कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक ट्रेलर था, और पूरी फिल्म 4 अक्तूबर के बाद दिखाई जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस और उसके नेताओं, विशेष रूप से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने अब तक केवल 25-30 दिन का कार्यकाल दिखाया है, लेकिन असली काम अभी बाकी है। उन्होंने कांग्रेस पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि हुड्डा को अपनी गलतियों का हिसाब देना चाहिए। सैनी ने दावा किया कि उनके पास कांग्रेस के एक-एक प्वाइंट का हिसाब मौजूद है, और उन्होंने कांग्रेस को चुनौती दी कि वे भी अपना हिसाब जनता के सामने रखें।

राहुल गांधी से जवाब मांगने की सलाह

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं से सवालों के जवाब मांगते हुए कहा कि यदि वे खुद जवाब नहीं दे पा रहे हैं, तो राहुल गांधी से पूछकर जवाब दे दें। सैनी ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के मुंह में दही जमा हुआ है, और वे किसी भी सवाल का जवाब नहीं दे पा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता रणदीप सूरजेवाला पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि सूरजेवाला ने भी कांग्रेस के शासनकाल में मिलकर मलाई चटाने का काम किया है। मुख्यमंत्री सैनी ने कांग्रेस पर किसानों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में किसानों को दो-दो रुपए के चेक दिए गए थे और उन पर गोलियां भी चलाई गई थीं। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि दलितों के घरों में आग लगाने और बुजुर्गों को पेंशन नहीं बढ़ाने का जवाब कब दिया जाएगा। सैनी ने कहा कि कांग्रेस में कर्मचारियों को ठोकरें खानी पड़ी और 10 साल तक मुख्यमंत्री रहे हुड्डा को इन सवालों का जवाब देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कांग्रेस से चुनौतीपूर्ण स्वर में कहा कि हम अपना हिसाब देने के लिए तैयार हैं, लेकिन कांग्रेस भी अपना हिसाब दे। उन्होंने सवाल उठाया कि कहीं कांग्रेस ने अपने हिसाब वाले रजिस्टर का पन्ना तो नहीं फाड़ दिया या उसे किसी तालाब में तो नहीं बहा दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार हिसाब मांग रही है, लेकिन वे हर एक प्वाइंट का जवाब देने के लिए तैयार हैं।