PALWAL NEWS : हरियाणा में परिवर्तन करना है और आम आदमी पार्टी की सरकार का बनाना है

0
72
PALWAL NEWS (AAJ SAMAAJ)  भगत सिंह तेवतिया : राज्यसभा सांसद और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने रविवार को हथीन विधानसभा में बदलाव जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता,  जिला अध्यक्ष  चंद्रशेखर रावत, मुख्य तौर मौजूद रहे।
राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा ये कोई छोटी बात नहीं है कि आम आदमी पार्टी हरियाणा में 15 दिनों में 45 रैलियां कर रही है। 45 रैलियां तभी संभव है जब जनता में आपकी पकड़ है और जनता आपके नेताओं को पसंद कर रही हो। मैं जहां भी जाता हूं लोग कहते हैं कि हरियाणा की जनता ने कांग्रेस, बीजेपी और इनेलो को भी मौका दिया, लेकिन इस बार जनता ने मन बन लिया है कि “सबको देखा बार बार, अबकी बार अरविंद केजरीवाल”। अबकी बार हरियाणा में परिवर्तन करना है और आम आदमी पार्टी की सरकार का बनाना है। क्योंकि आपके इसी हरियाणा का लाल अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में क्या कमाल किया है जा कर देखिए।
उन्होंने कहा कि जब अरविंद केजरीवाल की सरकार बनी तो स्कूलों में जाले लगे रहते थे। आज उसी सरकारी स्कूल में अरविंद केजरीवाल ने एसी के कमरे बनवाने का काम किया है। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में स्विमिंग पूल बनवाए और ग्राउंड बनवाए।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि पूरा हरियाणा आज बदलाव की तरफ देख रहा है। बीजेपी भाई को भाई से लड़वाने वाली पार्टी है। हरियाणा की आबादी 2 करोड़ 86 लाख है। इसमें से 1 करोड़ 81 लाख गरीबी रेखा से नीचे है।  हर घर में पढ़ा लिखा युवा बेरोजगार बैठा है। जिसकी वजह से युवा अपराध के रास्ते पर चल पड़ा है।  हरियाणा का नौजवान नशे के कारोबार में उलझ गया है। नशे के कारोबार के कारण 22 में से 16 जिले रेड जोन घोषित कर रखे हैं। प्रदेश में महिलाएं गायब हो जाती हैं, अकेले पलवल की 232 महिलाएं गायब हो चुकी हैं। गोलियां चलाकर और पर्चियां फेंककर फिरौती मांगी जाती हैं। सरेआम हत्याएं कर दी जाती हैं। प्रॉपर्टी आईडी और फैमिली आईडी के नाम पर भ्रष्टाचार हो रहा है। वहीं दिल्ली में ईमानदार सरकार चल रही है।