Kurukshetra News : कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नगर निकाय चुनावों में आज होगा मतदान : नेहा सिंह

0
79
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नगर निकाय चुनावों में आज होगा मतदान : नेहा सिंह
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नगर निकाय चुनावों में आज होगा मतदान : नेहा सिंह

(Kurukshetra News) कुरुक्षेत्र। उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि नगर परिषद थानेसर में चेयरपर्सन और 30 वार्ड पार्षदों तथा इस्माइलाबाद में प्रधान पद के उप चुनाव के लिए 2 मार्च रविवार को सुबह 8 बजे से लेकर सायं 6 बजे तक मतदान होगा। इन चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करवाने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है और नप थानेसर में 40 संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। किसी भी व्यक्ति को आदर्श चुनाव आचार संहिता की उल्लंघना नहीं करने दी जाएगी।

नगर निकाय चुनावों को लेकर हर बूथ पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम

इन चुनावों को लेकर प्रशासन की तरफ से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि शनिवार को अग्रसेन पब्लिक स्कूल के सभागार में पोलिंग स्टॉफ के अधिकारियों और कर्मचारियों को रिटर्निंग अधिकारी एवं डीएमसी सतेन्द्र सिवाच की देखरेख में प्रशिक्षण दिया गया और इस प्रशिक्षण के बाद सभी पोलिंग पार्टियों को ईवीएम मशीनें व तमाम जरूरी दस्तावेज वितरित किए गए। यह सभी पोलिंग पार्टियां अपने-अपने बूथों की तरफ रवाना हो गई है। उन्होंने कहा कि 02 मार्च रविवार को शहरी स्थानीय निकाय चुनावों को पूर्ण करवाने के लिए व्यापक प्रबंध किये गये हैं ताकि चुनाव शांतिपूर्वक, पारदर्शी, निर्विघ्न रूप से तथा निष्पक्ष करवाये जा सके।

नप थानेसर में 108 बूथों पर करेंगे 1 लाख 37 हजार 681 मतदाता वोट

जिन नगर परिषदों में प्रधान तथा वार्ड सदस्यों एवं नगर पालिकाओं में प्रधान तथा वार्ड सदस्यों के लिए चुनाव है, वंहा पर दो इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से मतदान करवाया जाएगा। जिनमें से एक प्रधान पद के लिए तथा दूसरी वार्ड सदस्य के चुनाव के लिए होंगे और जिन स्थानों पर केवल उपचुनाव है वंहा पर केवल एक इलैक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से ही मतदान करवाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नप थानेसर में वार्ड 7 व 32 में सर्व सम्मति से पार्षद बने है अब 30 वार्डों में पार्षद पद का चुनाव होना है, इन वार्डों में 91 प्रत्याशी खड़े है, चेयरमैन पद के लिए 5 प्रत्याशी मैदान में है। इन चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करवाने के लिए 750 अधिकारियों, कर्मचारियों की 108 बूथों पर डयूटी लगाई गई है। इसके अलावा 9 डयूटी मैजिस्ट्रेट और 11 नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए है।

मतदान के एक दिन पूर्व और मतदान वाले दिन रहेगी शराबबंदी

उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि नगर निकाय चुनावों को शांतिपूर्वक एवं निष्पक्ष रूप से करवाने के लिए आबकारी एवं कराधान विभाग, हरियाणा ने दॉ रिप्रेजेंटेशन ऑफ दॉ पीपल एक्ट, 1951 की धारा 135 सी के तहत मतदान से एक दिन पूर्व और मतदान वाले दिन इन जगहों पर शराबबंदी लागू कर गई है। यह शराबबंदी 2 मार्च रविवार को मतदान पूर्ण होने तक लागू रहेगी। इन आदेशों की सख्ती से पालना करनी होगी।

संवेदनशील मतदान केंद्र किये गये हैं चिन्हित

उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि संवेदनशील मतदान केन्द्रों को चिन्हित कर लिया है। नप थानेसर में कुल 40 संवेदनशील मतदान केन्द्र चिन्हित किए गए हैं। इन मतदान केन्द्रों पर शांतिपूर्वक ढंग से चुनाव करवाने के लिए एक-एक अतिरिक्त पुलिस कर्मी की डयूटी लगाई गई है तथा मोबाइल पुलिस पार्टी भी इन सभी मतदान केन्द्रों का लगातार दौरा करेगी। सामान्य चुनाव पर्यवेक्षक एंव पुलिस चुनाव पर्यवेक्षक भी इन मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखेंगे। इन संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था रहेगी। इसके साथ साथ सभी डयूटी मजिस्ट्रेट के साथ भी वीडियोग्राफी की टीम मौजूद रहेगी ताकि जरूरत पडने पर किसी भी स्थान पर वीडियोग्राफी की जा सके।

2 मार्च को मतदान के दिन रहेगी छुट्टी

उपायुक्त नेहा सिंह ने आदेश जारी किए है कि हरियाणा राज्य चुनाव आयोग के दिशा निर्देशानुसार 2 मार्च को मतदान के दिन छुट्टी रहेगी। इस दिन सारी फैक्ट्रियों, बाजारी संस्थान, उद्योग, ट्रेड, दुकानों इत्यादि में सभी कर्मचारियों की छुटटी रहेगी ताकि सभी लोग अपने वोट डाल सके।

इस्माइलाबाद के 13 वार्डो में 10539 लोग करेंगे मतदान

शुगर मिल के प्रबंधक निदेशक एवं इस्माइलाबाद के रिटर्निंग अधिकारी विरेंद्र चौधरी ने कहा कि इस्माइलाबाद में नगर पालिका के अध्यक्ष पद का उपचुनाव 2 मार्च को होगा। इस अध्यक्ष पद के लिए शहर के 10539 लोग अपने मत का प्रयोग करेंगे। इस शहर में कुल 13 वार्डों में 13 बूथ बनाए गए है। इस शहर के वार्ड 1 में 605 वोट है, जबकि वार्ड 2 में 666, वार्ड 3 में 702, वार्ड 4 में 1100, वार्ड 5 में 927, वार्ड 6 में 776, वार्ड 7 में 1088, वार्ड 8 में 869, वार्ड 9 में 917, वार्ड 10 में 747, वार्ड 11 में 622, वार्ड 12 में 689 व वार्ड 13 में कुल 831 वोट है।

नप थानेसर में 66683 महिलाएं करेंगी मत का प्रयोग

जिला नगर आयुक्त सतेंद्र सिवाच ने कहा कि नगर परिषद थानेसर के 30 वार्डो में कुल 137677 लोग अपने मत का प्रयोग करेेंगे। इसमें 70994 पुरुष व 66683 महिलाएं मतदाता शामिल है। इन चुनावों में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार 2 मार्च को मतदान होगा और 12 मार्च मतगणना का कार्य किया जाएगा। यहां पर चेयरमैन पद व 30 पार्षद के पद के लिए आम चुनाव होंगे। इन चुनावों की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।

यह भी पढ़ें: Motorola Moto G64 5G भारत में लॉन्च, देखें क्या है खास