Himachal By Poll 2024 : तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए कल होगा मतदान

0
135
तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए कल होगा मतदान
तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए कल होगा मतदान
मतगणना 13 जुलाई को होगी 
Himachal By Poll 2024 (आज समाज) शिमला। हिमाचल प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर हो रहे उप चुनावों के लिए सोमवार शाम को‌ प्रचार थम‌ गया। प्रचार के अंतिम दिन सभी प्रत्याशियों ने‌ पूरा जोर लगाकर प्रचार किया। सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्षी भाजपा के नेताओं ने‌ तीनों हलकों में धुआंधार प्रचार किया और अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने का अंतिम प्रयास किया।
प्रदेश के देहरा, नालागढ़ तथा हमीरपुर विधानसभा क्षेत्रों में 10 जुलाई को मतदान होगा। उपचुनाव में 10 जुलाई को 2 लाख 59 हजार 340 मतदाता तीनों विधानसभा क्षेत्रों में अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान प्रात: 7 से सांयकाल 6 बजे तक होगा। तीनों हलकों में कुल 315 मतदान केंद्रों में वोट डाले जाएंगे। छह बजे के बाद भी जितने लोग मतदान कक्ष के बाहर कतार में लगे होंगे, वह सभी मतदान कर सकेंगे।

चुनाव मैदान में कुल 13 प्रत्याशी

देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ विधानसभा उपचुनाव में कुल 13 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। देहरा से पांच, हमीरपुर से तीन और नालागढ़ से पांच प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। देहरा विधानसभा क्षेत्र में कुल पांच प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इनमें कांग्रेस से मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर और बीजेपी से होशियार सिंह के बीच मुख्य मुकाबला है। इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर सुलेखा देवी, अंकेश सयाल और एडवोकेट संजय शर्मा भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
हमीरपुर हलके में तीन प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। यहां मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस पार्टी के बीच में है। हमीरपुर से भारतीय जनता पार्टी के आशीष शर्मा, कांग्रेस पार्टी के डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा और निर्दलीय प्रत्याशी नंद लाल शर्मा चुनावी मैदान में हैं। साल 2022 में भी कांग्रेस के डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा और भाजपा के आशीष शर्मा आमने-सामने थे। हालांकि, तब आशीष शर्मा ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा था। साल 2022 में नरेंद्र ठाकुर बीजेपी के प्रत्याशी थे, जिन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
नालागढ़ उपचुनाव में कुल पांच प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। कांग्रेस से हरदीप सिंह बावा, भाजपा से केएल ठाकुर, स्वाभिमान पार्टी से किशोरी लाल शर्मा तथा हरप्रीत सिंह और विजय सिंह बतौर निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।