Haryana News: विवेक जोशी होंगे हरियाणा के नए मुख्य सचिव

0
21
विवेक जोशी होंगे हरियाणा के नए मुख्य सचिव
Haryana News: विवेक जोशी होंगे हरियाणा के नए मुख्य सचिव

केंद्र से हरियाणा में वापसी के आदेश हुए जारी
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में प्रशासनिक महकमे में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। केंद्र सरकार ने 1989 बैच के वरिष्ठ आईएउस अधिकारी विवेक जोशी को हरियाणा राज्य में स्थानांतरित करने का आदेश जारी किया है। जोशी, जो वर्तमान में केंद्र सरकार के कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग में सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत थे, अब हरियाणा राज्य के संभावित चीफ सेक्रेटरी के रूप में कार्यभार संभाल सकते हैं। राज्य के मौजूदा मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद के 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होने के कारण जोशी का नाम संभावित उत्तराधिकारी के रूप में सामने आया है।

सूत्रों के अनुसार, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी, जिसके बाद विवेक जोशी को केंद्र से राज्य कैडर में भेजने के आदेश जारी किए गए। विवेक जोशी प्रधानमंत्री मोदी के भरोसेमंद अधिकारियों में गिने जाते हैं, और उनका अनुभव हरियाणा के प्रशासनिक ढांचे को मजबूती प्रदान कर सकता है।

वित्त मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर भी रह चुके जोशी

विवेक जोशी ने केंद्र और राज्य सरकार दोनों में ही महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उनके पास वित्त मंत्रालय में सेक्रेटरी और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में संयुक्त सचिव के रूप में काम करने का गहन अनुभव है। 2014 से 2017 तक उन्होंने वित्त मंत्रालय में संयुक्त सचिव के रूप में सार्वजनिक खरीद नीति तैयार करने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा, उन्होंने हरियाणा में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण के सीईओ और निगरानी एवं समन्वय विभाग के प्रमुख सचिव जैसे पदों पर भी कार्य किया है। जोशी का यह अनुभव राज्य की नीतियों और विकास कार्यों को नई दिशा देने में सहायक साबित हो सकता है। उनकी नियुक्ति हरियाणा के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकती है।

पूरे राज्य के विकास की उम्मीदें बंधी

हरियाणा में जोशी की नियुक्ति के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि राज्य में विकास कार्यों को गति मिलेगी। उनके अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए कहा जा सकता है कि हरियाणा में पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा मिलेगा। गुरुग्राम जैसे शहरों में वे पहले भी विकास कार्यों को गति दे चुके हैं, और उनकी कार्यशैली से पूरे राज्य के विकास की उम्मीदें बंधी हैं।

यह भी पढ़ें : आईपीएस अफसर पर यौन शोषण का आरोप, सीएम ने दिए जांच के आदेश