तीन की मौत, 10 घायल, सभी एक ही परिवार से संबंधित
Yamuna Expressway Accident (आज समाज), लखनऊ : सहारनपुर से प्रयागराज कुंभ स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं का वाहन यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 10 लोगों के घायल होने का समाचार है। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए लोग एक ही परिवार से संबंधित हैं। ये सभी सहारनपुर के देवबंद से संबंधित हैं ओर प्रयागराज में महाकुंभ में स्नान के लिए जा रहे थे। सभी श्रद्धालु पिकअप वाहन पर सवार थे।
यह बताई जा रही हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं का वाहन जब यमुना एक्सप्रेस वे पर जा रहा था तो उसी दौरान वाहन चालक को झपकी आ गई। इस दौरान वाहन अनियंत्रित होता हुआ सामने जा रहे टैंकर से टकरा गया। यह हादसा इतना भयंकर था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कोतवाली पुलिस के अनुसार रात करीब 12 बजे छोटा हाथी पिकअप के चालक को नींद आ जाने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर कैंटर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छोटा हाथी वाहन में सवार लोग बुरी तरह घायल हो गए।
इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत
सूचना पर पहुंची जेवर पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 65 वर्षीय साहब सिंह, 65 वर्षीय रोशनी और 60 वर्षीय रामवती शामिल हैं। घटना में घायल अन्य दस लोगों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण चालक को नींद आ जाना माना जा रहा है। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान हो सके। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिवार में शोक की लहर है। परिजन ने प्रशासन से मांग की है कि यमुना एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुख्ता उपाय किए जाएं।
ये भी पढ़ें : Weather Update : कल से बदलेगा उत्तर भारत का मौसम
ये भी पढ़ें : America Deported Indians : निर्वासित भारतीयों का विमान अमेरिका से पहुंचा दिल्ली