लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी यूपी सरकार पर हमलावर हैं। उन्होंने यूपी पुलिस द्वारा आज उज्जैन से कानपुर लाते समय हिस्ट्रीशीटर बदमाश विकास दुबे का एनकाउंटर होने पर सवाल खड़े किए। उन्होंन ेकहा कि भाजपा राज में उत्तर प्रदेश ‘अपराध प्रदेश’ बन गया है। कांग्रेस महासचिव ने इस कानपुर कांड की जांच सुप्रीम कोर्ट के जज से कराने की मांग की। प्रियंका गांधी ने कहा, ‘भाजपा की सरकार ने उत्तर प्रदेश को ‘अपराध प्रदेश’ में बदल दिया है। विकास दुबे जैसे अपराधी सत्ता में बैठे लोगों की देखरेख में आगे बढ़ रहे हैं और उन्हें बचाया भी जा रहा है। कांग्रेस पूरे कानपुर कांड की जांच सुप्रीम कोर्ट के सीटिंग जज से कराने की मांग करती है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया और कहा कि सारा देश देख रहा है कि इस स रकार के राज में बच्चों के खिलाफ अपराध, दलितों के खिलाफ अपराध, महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं। प्रदेश अपराध के मामले में नंबर एक पर है। प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिल्कुल बिगड़ चुकी है। विकास दुबे जैसे अपराधियों को कोई रोकने वाला नहीं है और उन्हें सत्ता का सरंक्षण मिल रहा है। इस एनकाउंटर के बाद हम उन आठ शहीद पुलिसकर्मियों के परिवार को किस तरह से भरोस दिला सकते हैं कि उन्हें न्याय मिल रहा है और उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।