Uttar Pradesh Accident: आगरा-हाथरस मार्ग पर हादसे में 17 लोगों की मौत, 8 गंभीर

0
240
Uttar Pradesh Accident आगरा-हाथरस मार्ग पर हादसे में 17 लोगों की मौत, 8 गंभीर
Uttar Pradesh Accident : आगरा-हाथरस मार्ग पर हादसे में 17 लोगों की मौत, 8 गंभीर

Accident On Agra-Hathras Road, (आज समाज), लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगरा-हाथरस मार्ग पर बस और टाटा एस के बीच आमने-सामने हुई टक्कर में 17 लोगों की मौत हो गई और 16 घायल हो गए। 6 सितंबर की शाम को हादसा हुआ। घायल में आठ की हालत गंभीर है। उन्हें हायर सेंटंर भेजा गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा शोक जताया है।

दुर्घटना का कारण गलत तरीके से ओवरटेक करना

्रपुलिस के अनुसार थाना चंदपा क्षेत्र में नगला भुस बाईपास कपूरा चौराहे के पास दोनों वाहनों के बीच भिड़ंत हुई। टाटा एस वाहन के गलत तरीके से ओवरटेक करना हादसे का कारण बताया जा रहा है। मृतकों में 16 आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के गांव सेमरा के रहने वाले थे, जबकि एक फिरोजाबाद जनपद का निवासी था।

महिला की डेथ के चालीसवें में जा रहे थे 35 लोग

गांव मुकुंदखेड़ा निवासी राजुद्दीन की मां अंगूरी का निधन हो गया था और शुक्रवार को उनका चालीसवां था, जिसमें शामिल होने के लिए राजुद्दीन की ससुराल गांव सेमरा से करीब 35 लोग टाटा एस यानी छोटा हाथी में सवार होकर आए थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे ये लोग आगरा के लिए रवाना हुए।

टाटा एस के परखच्चे उड़ गए

कोतवाली चंदपा क्षेत्र के कपूरा चौराहे के निकट पहुंचे तो टाटा एस सामने से आ रही जनरथ बस से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टाटा एस के परखच्चे उड़ गए। इसमें सवार लोग उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जाकर गिरे। हादसे के बाद जमा हुए लोगों ने घायलों और मृतकों को जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने 17 को मृत घोषित कर दिया।

कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद : राष्ट्रपति

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हुई सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। अपने स्वजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के प्रति मैं गहन संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनपद हाथरस में एक सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दु:खद है। मेरी संवेदनाएं मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।

घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना : मोदी

पीएम मोदी ने कहा, जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करे। इसके साथ ही मैं हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।