UP News: सियाचिन ग्लेशियर में 1968 से लापता जवान मलखान सिंह का शव मिला

0
34
UP News: सियाचिन ग्लेशियर में 1968 से लापता जवान मलखान सिंह का शव मिला

Indian Airforce News, (आज समाज), सहारनपुर: सियाचिन ग्लेशियर में 1968 से लापता भारतीय वायुसेना के जवान मलखान सिंह का शव मिला है। वह उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के रहने वाले थे। पोतों को 56 साल बाद जब दादा का शव मिलने की सूचना मिली तो उनका पुराना जख्म फिर हरा हो गया। दरअसल, फरवरी 1968 में सियाचिन ग्लेशियर में रोहतांग दर्रे के पास वायुसेना का AN-12 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 100 से ज्यादा जवान शहीद हो गए थे। इन सैनिकों में सहारनपुर के मलखान भी शामिल थे।

यह भी पढ़ें :   Haryana Polls 2024: आज प्रचार का आखिरी दिन, 5 को डाले जाएंगे वोट

मंगलवार को मिली पार्थिव शरीर मिलने की सूचना

18 जनवरी 1945 को जन्में मलखान सहारनपुर जिले के नानौता क्षेत्र स्थित फतेहपुर गांव के रहने वाले थे। सेना के 2 जवान इसी सप्ताह मंगलवार को स्थानीय पुलिस की मदद से मलखान का पार्थिव शरीर मिलने की सूचना देने के लिए उनके घर पहुंचे। उन्होंने परिवार को बताया कि सियाचिन ग्लेशियर में मलखान का शव बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि शव के पास से मिले बैच नंबर से मलखान की पहचान हुई है।

परिवार में शोक की लहर, क्षेत्र में गर्व का माहौल

जानकारी के अनुसार 7 फरवरी 1968 को वायु सेना के विमान ने सेना के जवानों को लेह ले जाने के लिए उड़ान भरी थी। विमान में 102 सैनिक सवार थे और यह विमान रोहतांग दर्रे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस वक्त मलखान सिंह की उम्र मात्र 23 साल थी। सेना लगातार अपने शहीदों के शवों को खोजने के लिए सर्च आपरेशन चला रही थी। मलखान के अवशेष मिलने के बाद परिवार में जहां शोक की लहर है, वहीं क्षेत्र में गर्व का माहौल भी है।

पत्नी व बेटे की मौत, घर में सिर्फ पोते

मलखान के परिवार में उनके 2 पोते हैं। पत्नी शिलावती और बेटे रामप्रसाद की मौत हो चुकी है। घर पर पौत्र मनीष और गौतम कुमार अपने परिवारों के साथ रहते हैं। परिवार में गम व खुशी दोनों हैं। गौतम कुमार का कहना है कि एक तरफ तो इतने अरसे बाद दादा का शव मिलने की खुशी हो रही है कि वहीं दूसरी ओर गम भी है। उन्होंने कहा, हमें दादा का अंतिम बार चेहरा देखने को मिला है।

यह भी पढ़ें :  Delhi Crime: दिल्ली में अस्पताल में घुसकर डाक्टर की गोली मारकर हत्या