LPG Truck Blaze In Ghaziabad, (आज समाज), लखनऊ: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एलपीजी सिलेंडर से भरे ट्रक में आग लग गई। घटना लोनी रोड पर भोपुरा चौक के पास शुक्रवार को हुई। अधिकारियों के अनुसार आग पर काबू पा लिया गया है और इसमें कोई जान हानि नहीं हुई है। आसपास के लोग समय रहते सुरक्षित जगह चले गए थे नहीं तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
2-3 घरों व कुछ वाहनों तक फैल गई थी आग
दमकल विभाग के मुख्य अधिकारी राहुल पाल के अनुसार शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े 4 बजे एलपीजी सिलेंडर से भरे ट्रक में आग लगने की सूचना मिली। इसके तुरंत पश्चात दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गर्इं और आग बुझाने का काम शुरू किया। पुलिस ने इस बीच आसपास के घरों को खाली करा लिया था। आग 2-3 घरों और कुछ वाहनों तक फैल गई थी। अधिकारियों ने पुष्टि की कि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
आसान नहीं था मौके से भागना
इलाके के लोगों ने बताया कि सुबह करीब साढ़े 3 बजे अचानक उन्हें जोरदार ब्लास्ट सुनाई दिए। इसके बाद वे अपने बच्चों के साथ घरों से बाहर भागे। बच्चे बहुत डरे रहे थे। मौके से भागना भी आसान नहीं था। बाहर देखा तो सिलेंडरों में लगातार धमाके हो रहे थे। कुछ सिलेंडर हवा में उछल रहे थे। घटनास्थल के पास अवैध लकड़ी का गोदाम था।
पास के घरों में गिरे सिलेंडर
एक स्थानीय निवासी का कहना है कि उनका घर बहुत बुरी हालत में है। कार के शीशे टूट गए हैं। हवा में उछल रहे सिलेंडर पास के घरों पर भी गिरे, जिसके कारण छतों की ग्रिल टूट गई हैं। दुकान और पानी के टैंकर के शटर भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि उनके घर में भी सिलेंडर गिरे, जिनमें से एक लिविंग रूम और एक पहली मंजिल पर पड़ा था। पहली मंजिल पर जब सिलेंडर गिरा तो काफी जोरदार धमाका हुआ। अवैध लकड़ी के भंडारण में कोई सुरक्षा नहीं है।
ये भी पढ़ें : Union Budget 2025: राष्ट्रपति से मिलीं वित्त मंत्री, बजट प्रस्तावों की रूपरेखा पर की चर्चा