Mumbai Hit-And-Run Case: बीएमडब्ल्यू हिट-एंड-रन का मुख्य आरोपी मिहिर गिरफ्तार

0
177
Mumbai Hit-And-Run Case बीएमडब्ल्यू हिट-एंड-रन का मुख्य आरोपी मिहिर शाह को गिरफ्तार
Mumbai Hit-And-Run Case : बीएमडब्ल्यू हिट-एंड-रन का मुख्य आरोपी मिहिर शाह को गिरफ्तार

Maharashtra BMW Hit-And-Run Case, (आज समाज), मुंबई: बीएमडब्ल्यू हिट-एंड-रन मामले के मुख्य आरोपी मिहिर शाह को गिरफ्तार कर लिया गया है। शाह पर शराब के नशे में कार चलाने का आरोप है। बता दें कि उसने पिछले सप्ताहांत मुंबई के वर्ली में एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी थी जिससे 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई और उसका पति घायल हो गया था।

मिहिर मुख्यमंत्री शिंदे के शिवसेना गुट के नेता राजेश शाह का बेटा

मिहिर शाह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के शिवसेना गुट के नेता राजेश शाह का बेटा है। उसने अपनी बीएमडब्ल्यू से दोपहिया वाहन को रविवार सुबह करीब 5.30 बजे टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद से वह फरार था। पुलिस के अनुसार हादसे की शिकार हुई महिला की पहचान वर्ली कोलीवाड़ा निवासी कावेरी नखवा (45) हुई है। वह रविवार सुबह अपने पति प्रदीप के साथ डॉ. एनी बेसेंट मार्ग से गुजर रही थीं, तभी बीएमडब्ल्यू सवार मिहिर शाह ने दंपति के दोपहिया वाहन को कथित तौर पर टक्कर मार दी। महिला कार के साथ काफी दूरी तक घिसटती चली गई।

पिता राजेश शाह और ड्राइवर बिदावत गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मिहिर बांद्रा-वर्ली सी लिंक की तरफ भाग गया था। इसके बाद वर्ली पुलिस ने उसके पिता राजेश शाह और ड्राइवर बिदावत को मिहिर की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। कार राजेश शाह के नाम पर है।