नहर में नहाने के लिए उतरे थे दोनों, एक को लोगों ने बचाया

Delhi Crime News (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली सहित समस्त उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। वहीं लोग गर्मी से राहत पाने के लिए नहरों व नदियों में बहते पानी में नहाने के लिए उतर जाते हैं। हालांकि जिला प्रशासन लोगों को समय-समय पर ऐसा न करने की सलाह देता है लेकिन फिर भी लोग नियमों की अवहेलना करते हुए गहरे पानी में उतर जाते हैं। जिससे जानलेवा हादसे होते रहते हैं। ऐसा ही एक हादसा गत दिवस पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर स्थित कोंडली नहर में हुआ जब नहाने गए दो युवक डूबने लगे।

जब दोनों ने शोर मचाया तो एक युवक को राहगीरों ने सुरक्षित निकाल लिया, जबकि दूसरा युवक गहरे पानी में डूब गया। बाद में मामले की सूचना पुलिस, दमकल विभाग और बोट क्लब को दी गई। खबर मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंच गया। काफी देर तक युवक की तलाश की गई। बाद में उसका शव नहर से बरामद कर लिया गया। मृतक की शिनाख्त सतपाल (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद सतपाल का शव परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस भोपाल से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

राजवीर कालोनी, न्यू अशोक नगर में रहता था

पुलिस के मुताबिक, सतपाल परिवार के साथ राजवीर कालोनी, न्यू अशोक नगर में रहता था। इसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। सतपाल कारपेंटर का काम करता था। शनिवार को वह अपने घर पर मौजूद था। इस बीच उसका दोस्त भोपाल वहां पहुंचा। दोनों नहर में नहाने निकल गए। नहर में गहरे पानी में जाने की वजह से दोनों डूबने लगे।

दोनों को बचाने के लिए नहर में कूदे लोग

शोर-शराबा हुआ तो कुछ लोग दोनों को बचाने नहर में कूद गए। लोगों ने भोपाल को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि सतपाल वहां डूब गया। बाद में बोट क्लब के इंचार्ज हरीश अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे। काफी देर चले रेस्क्यू आॅपरेशन के बाद टीम ने सतपाल का शव नहर से निकाल लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल की मोर्चरी भेजा। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद सतपाल का शव परिवार के हवाले कर दिया गया।

ये भी पढ़ें : Punjab News : सिंधु जल समझौता निरस्त होने से पंजाब को मिलेगा फायदा

ये भी पढ़ें : Sangrur Crime News : संगरूर पुलिस ने पकड़ी 2,240 लीटर अवैध ईएनए