Two hospitals refused to recruit foreign woman: विदेशी युवती को दो अस्पतालों ने भर्ती करने से किया इनकार

0
219
गाजियाबाद। जिले में बुधवार को कोरोना संक्रमण के 12 नए मामले सामने आए। कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग हॉट स्पॉट वाले इलाकों में कम्युनिटी टेस्टिंग बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। खोड़ा में रहने वाले दो युवकों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। दोनों पूर्व में पॉजिटिव हुए एक मरीज के संपर्क में आए थे और फिलहाल होम क्वारंटाइन में थे। एहतियातन उनका टेस्ट किया गया था, जो पॉजिटिव आया। दोनों को ईएसआई राजेंद्र नगर में भर्ती किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने उनके परिजनों समेत 35 लोगों को क्वारंटाइन किया है।
उधर जटवाड़ा में रहने वाले 80 वर्षीय बुजुर्ग का एक निजी डॉक्टर से उपचार चल रहा था। हाल ही में उनकी सर्जरी होनी है, जिसके कारण निजी लैब से उनका कोरोना टेस्ट करवाया गया था, जो पॉजिटिव आया।  बुजुर्ग को सांस लेने में परेशानी होने के साथ खांसी भी थी। जानकारी होने पर स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें मेरठ रेफर किया है और परिवार के पांच सदस्यों को क्वारंटाइन में भर्ती किया है। रिपोर्ट आने से पहले बुजुर्ग का एक पैथोलॉजी लैब में अल्ट्रासाउंड भी करवाया गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव होने की जानकारी होने पर अल्ट्रासाउंड करने वाले डॉक्टर और स्टाफ को होम क्वारंटाइन किया गया है और अल्ट्रासाउंड रूम को तीन दिन के लिए सील कर दिया गया है। जटवाड़ा को भी सील किया गया है।
खोड़ा में रहने वाली एक महिला का नोएडा के अस्पताल से किडनी का उपचार चल रहा था। महिला की जांच पॉजिटिव आई, जिसके बाद महिला को ईएसआई में भर्ती किया गया है और परिजनों को क्वारंटाइन किया जा रहा है। इसके अलावा इंदिरापुरम में रहने वाली एक महिला की सर्जरी होनी थी, जिसके चलते उनकी कोरोना जांच करवाई गई जो पॉजिटिव आई। महिला को ईएसआई अस्पताल में भर्ती करने के साथ परिजनों को होम क्वारंटाइन किया गया है। रामप्रस्थ कॉलोनी में रहने वाली महिला में दो दिन पहले कोरोना संक्रमण पुष्टि हुई थी, बुधवार को उनके पति में भी संक्रमण की पुष्टि के बाद ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शालीमार गार्डन निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति,
दिल्ली में मेडिकल चलाता है। उसने खांसी, जुकाम होने पर निजी लैब से अपना टेस्ट कराया था, जो पॉजिटिव आया। उसे ईएसआई अस्पताल में बनाये गये एल-1 अस्पताल में भर्ती किया गया है। परिजनों को होम क्वारंटाइन में रखा गया है।
कोलम्बिया निवासी युवती हुई संक्रमित:
मोहन नगर की गुलमोहर ग्रीन्स सोसाइटी में रह रही मूल रूप से कोलंबिया की युवती में भी निजी लैब की जांच में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। युवती जनवरी में भारत आई थी और दिल्ली में रह रही थी। मार्च के शुरु में वह गुलमोहर ग्रीन्स में रहने वाले अपने एक दोस्त के पास रहने आ गई थी। इस दौरान कुछ बीमारी होने पर वह दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए गई थी, वहीं युवती में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। युवती में कोई लक्षण नहीं हैं, जिसके चलते निजी अस्पताल ने उसे होम आईसोलेशन में रहने की सलाह दी। इसके बाद युवती दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में गई, वहां भी उसे लक्षण नहीं होने पर भर्ती करने की जगह होम आईसोलेशन में रहने की सलाह दी गई और उससे फॉर्म भी भरवाया गया। इसके बाद युवती ने गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग से संपर्क किया। यहां उसे फिलहाल ईएसआई अस्पताल में भर्ती किया गया है और उसके दोस्त को क्वारंटाइन सेंटर में भर्ती किया गया है।
दिल्ली के अस्पताल में महिला की मौत:
झंडापुर में रहने वाली 40 वर्षीय कोरोना संक्रमित महिला की दिल्ली के निजी अस्पताल में मौत हो गयी। महिला हाई बीपी की मरीज थी और कई दिनों से वेंटिलेटर पर थी। बुधवार देर रात उसकी मौत हो गई। उसके परिवार के 7 सदस्यों को क्वारंटाइन कर दिया गया। घर व आसपास क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन कराने के साथ ही सील करने की कार्रवाई की जा रही है।