कमरे में फंदे पर लटकी मिली लाश
Sonipat News (आज समाज) सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत में एक विवाहिता दहेज की बली चढ़ गई। दहेज प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फंदा लगाने से कुछ समय पहले पति ने महिला को निर्वस्त्र करके कमरे से बाहर निकाल दिया। महिला ने कंबल ओढ़ कर अपनी इज्जत बचाई। कुछ देर बाद उसके मायके के लोग पहुंचे तो वह कमरे में फंदे पर लटकी मिली।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने शिकायत पर ससुराल के 5 व्यक्तियों पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया है।
2023 में हुई थी अन्नु की शादी
थाना गन्नौर में दी शिकायत में जींद जिले के गांव बिशनपुरा के रहने वाले सुनील कुमार ने बताया कि वह शिक्षक है। उन्होंने अपनी बेटी अन्नु (28) की शादी 10 फरवरी 2023 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार खिजरपुर अहीर माजरा में बृजेश के साथ की थी। डी-फार्मा की पढ़ाई कर चुकी अन्नु आगे भी पढ़ाई कर रही थी। शादी में उन्होंने अपनी हैसियत से ज्यादा दहेज दिया था, लेकिन फिर भी ससुराल पक्ष दहेज से संतुष्ट नहीं था।
दहेज की मांग को लेकर करते थे प्रताड़ित
शिक्षक पिता ने बताया कि शादी के बाद से ही अन्नु को उसका पति बृजेश, सास बाला देवी, ससुर राज सिंह, बड़ी ननद रेनू और छोटी ननद लगातार दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। नवंबर 2024 में प्रताड़ना से तंग आकर वे अन्नु को अपने घर ले आए। दिसंबर 2024 में बृजेश के चाचा की जिम्मेदारी पर अन्नु को वापस ससुराल भेज दिया गया, लेकिन वहां जाते ही फिर से प्रताड़ना शुरू हो गई।
फंदा लगाने से पहले अन्नु ने पिता को किया फोन
उसने बताया कि घटना के दिन 19 फरवरी की सुबह अन्नु ने अपने पिता को फोन कर बताया कि बीती रात पति बृजेश ने उससे पैसों की मांग की और प्रताड़ित किया। यहां तक कि उसे निर्वस्त्र कर कमरे से बाहर निकाल दिया। उसने किसी तरह कंबल ओढ़ कर खुद की लाज बताई। जब उसने सास-ससुर और ननद से इसकी शिकायत की तो उन्होंने भी पति का ही साथ दिया।
कमरे में फंदे पर लटकी मिली बेटी
सुनील कुमार ने बताया कि कल दोपहर को उनको फोन पर सूचना मिली कि अन्नु की मृत्यु हो गई है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि अन्नु कमरे में छत के पंखे से लाल-क्रीम रंग के दुपट्टे से लटकी हुई थी। उसके पैर बेड पर टिके हुए थे और पास में एक मेज पलटी हुई पड़ी थी। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
इन पर दर्ज हुआ केस
थाना गन्नौर में पति बृजेश, सास बाला देवी, ससुर राज सिंह, बड़ी ननद रेनू और छोटी ननद के खिलाफ दहेज मृत्यु हत्या व वैवाहिक क्रूरता की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें : हरियाणा में 15 मार्च से शुरू होगी सरसों की सरकारी खरीद