Haryana News: हरियाणा में सफर करना हुआ महंगा, टोल के बढ़े रेट लागू

0
157
Haryana News: हरियाणा में सफर करना हुआ महंगा, टोल के बढ़े रेट लागू
Haryana News: हरियाणा में सफर करना हुआ महंगा, टोल के बढ़े रेट लागू

5 से 25 रुपए तक बढ़ाए गए टोल के दाम
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा की सड़कों पर सफर करना आज से महंगा हो गया है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी आॅफ इंडिया की ओर से टोल की दरों में वृद्धि की गई है। टोल की नई दरें आज से लागू हो गई है। टोल टैक्स की दरों में 5 से 25 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है। गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार समेत 12 जिलों में करीब 24 टोल हैं, जहां टोल के रेट बढ़ाए गए हैं।

टोल बूथों पर लगाई नई सूची

टोल अधिकारियों का कहना है कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी आॅफ इंडिया की तरफ से हर साल 1 अप्रैल से रेटों में इजाफा किया जाता है। वाहन चालकों को नए रेटों की जानकारी को लेकर कोई असमंजस न हो, इसे लेकर नई रेट सूची को टोल बूथों पर लगा दिया गया है।

नेशनल हाईवे 152डी पर सबसे अधिक टोल टैक्स

नेशनल हाईवे 152डी पर नारनौल से अंबाला के लिए टोल सबसे महंगा है। कार के लिए यहां सिंगल साइड 375 रुपए और डबल साइड के 560 रुपए लगेंगे। इस हाईवे पर मंथली पास की भी सुविधा नहीं है। रोहतक का हुमायूंपुर और हसनगढ़ टोल प्लाजा सबसे सस्ता है। यहां कार, जीप के लिए वन साइड का टोल 30 रुपए और डबल साइड का 45 रुपए है। वहीं गुरुग्राम के खेड़की दौला टोल प्लाजा पर सिर्फ एक तरफ का ही टोल देना पड़ता है।