सुमन, तोशाम :
सावन माह की शिवरात्रि पर मंदिरों को भव्य ढंग से सजा गया। महिलाओं ने बड़े उत्साह के साथ शिवरात्रि के पावन पर्व के उपलक्ष्य में भगवान भोले का जलाभिषेक किया। शिवभक्तों ने बड़ी श्रद्धापूर्वक व विधान से अपने आराध्य भगवान शिव व माता पार्वती की पूजा-अर्चना की। शिवालयों में  सुबह से ही पूजा-अर्चना के लिए लंबी कतार लगी रही। भगवान शिव के प्रिय पीले फूल, धतूरा, बेलपत्र, फल-फूल आदि अर्पित किए गए।  शिवरात्रि को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया। काफी संख्या में महिलाओं ने भगवान शिव की पूजा-आराधना कर अपने व अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। महिला विमल नांदल, समां सिंघल, सोनू गर्ग, रीतू गर्ग आदि ने बताया कि शिवरात्रि के पर्व को लेकर काफी उत्साह है। महिलाओं ने बताया कि भगवान भोलेनाथ से देश में शांति बनी रही व कोरोना जैसी महामारी से लोगों की रक्षा करने की मन्नत मांगी है।