Haryana Assembly Election: आज ईवीएम में बंद हो जाएगा प्रत्याशियों का भाग्य

0
14
आज ईवीएम में बंद हो जाएगा प्रत्याशियों का भाग्य
Haryana Assembly Election: आज ईवीएम में बंद हो जाएगा प्रत्याशियों का भाग्य

8 को आएगा परिणाम, किसके सिर सजेगा ताज
भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर
हिसार के नारनौंद व महेंद्रगढ़ के नांगल चौधरी में हुई हिंसक झड़प
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में 15वी विधानसभा के गठन के लिए प्रदेश भर में सुबह से सात बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। शाम को छह बजे तक वोट डाले जाएंगे। इसके बाद पोलिंग एजेंटों की मौजूदगी में ईवीएम को सील कर स्ट्रांग रूम में रख दिया जाएगा। 8 अक्टूबर को मतगणना के दिन इन ईवीएम को खोला जाएगा। उसी दिन हरियाणा में सत्ता की तस्वीर साफ होगी। किस पार्टी के सिर जीत का ताज सजेगा। पिछले करीब 50 दिन चले चुनाव प्रचार में सभी राजनीतिक दलों ने अपने पक्ष में माहौल बनाने का काम दिया। सभी ने चुनाव-प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। लोग लुभावने वायदें कर जनता को अपने पक्ष में करने के लिए जी तोड़ मेहनत की। नेता डोर टू डोर जनता से वोट की अपील करते नजर आए। चुनाव में उतरे सभी प्रत्याशियों की मेहनत आज ईवीएम में बंद हो जाएगी। जिसका परिणाम 8 अक्टूबर को आएगा।

कांग्रेस और भाजपा के बीच मुख्य मुकाबला

इस बार भी हरियाणा में चुनावी मुकाबला मुख्यत कांग्रेस और भाजपा के बीच है। बसपा से गठबंधन कर चुनावी रण में उतरी इनेलो व आजाद समाज पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही जजपा कहीं पर भी मुकाबले में नजर नहीं आती। एक या दो सीट को छोड़कर ये पार्टी चुनाव से पहले ही मुकाबले से बाहर हो चुकी है। वहीं पिछले 10 साल से प्रदेश की सत्ता पर काबिज भाजपा के लिए भी अबकी बार सत्ता हासिल करना आसान नहीं है। एंटी इनकंबेंसी से जुझ रही भाजपा के लिए इस बार गढ़ को बचाना चुनौती बना हुआ है। वहीं भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव में उतरे नेता भी पार्टी के लिए परेशानी का सबब बने हुए है। टिकट कटने से घर बैठे नेताओं की नाराजगी भी भाजपा को भारी पड़ सकती है।

हरियाणा जीत के लिए भाजपा ने खेला ओबीसी कार्ड

सत्ता विरोधी लहर से जुझ रही भाजपा ने चुनाव में बने रहने के लिए लोकसभा चुनाव से पहले मनोहर लाल की जगह नायब सैनी को सीएम बना ओबीसी वोटर्स को अपने पक्ष में करने का काम किया है। भाजपा ने चुनाव को जाट बनाम ओबीसी बनाने का काम किया है। जिसका फायदा भाजपा विस चुनाव में होता भी दिख रहा है। इस चुनाव में ओबीसी वोटर्स भाजपा की तरफ शिफ्ट होता भी दिख रहा है।

किसान व जाट वोटर्स भाजपा ने नाराज

किसानों व जाट वोटर्स भाजपा की भाजपा के प्रति नाराजगी जगजाहिर है। लोकसभा चुनाव में भाजपा इस नाराजगी को झेल चुकी है। इस विधानसभा चुनाव में भी यह दोनों वर्ग भाजपा के लिए सिरदर्द बने हुए है। प्रदेश में धान की सरकारी खरीद शुरू न होने के कारण भी किसान वर्ग भाजपा से नाराज है।

आपसी कलह में उलझी कांग्रेस

भाजपा के प्रति लोगों की नाराजगी का फायदा इस विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जरूर मिल रहा है। लेकिन टॉप लीडर्स की गुटबाजी कहीं कांग्रेस का खेल न बिगाड़ दे। सैलजा व रणदीप सुरजेवाला दोनों सीएम पद के लिए दावेदारी जता चुके है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा खुद को सीएम फेस बता चुके है। टिकट वितरण में भी हुड्डा का दबदबा रहा। टिकट वितरण से नाराज होकर ही सैलजा ने प्रचार से दूरी बना ली थी। राहुल गांधी ने सैलजा की नाराजगी को समझते हुए उन्हें प्रचार के लिए मनाया। वहीं भाजपा छोड़ कांग्रेस में वापसी करने वाले अशोक तंवर का कांग्रेस को लाभ होता दिख रहा है।

11 बजे तक हरियाणा में 22.70 प्रतिशत हुई वोटिंग

वहीं अगर वोटिंग प्रतिशत के आकड़ों की बात करें तो हरियाणा में 11 बजे तक 22.70 फीसदी वोट डाले जा चुके है। कई जगहों से छुटपुट हिंसक घटनााओं के समाचार भी मिले है। रोहतक के महम और जींद के जुलाना में प्रत्याशियों के साथ धक्का-मुक्की की गई। जुलाना से तो बूथ कैप्चरिंग की शिकायत सामने आई है।

नारनौंद के गांव खांडा खेड़ी में दो पक्षों के बीच चले लात घूंसे

हिसार में नारनौंद के गांव खांडा खेड़ी में पूर्व वित्त मंत्री एवं नारनौंद से भाजपा कैंडिडेट कैप्टन अभिमन्यु और कांग्रेस उम्मीदवार जस्सी पेटवाड़ के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात घूंसे चले। पुलिस ने बीच बचाव करके दोनों पक्षों को अलग-अलग किया। वहीं महेंद्रगढ़ जिला में नांगल चौधरी के धोखेरा गांव में मतदान के दौरान कांग्रेस और भाजपा वर्करों में झड़प हो गई। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस कैंडिडेट मंजू चौधरी के समर्थकों ने बूथ पर कब्जा करने की कोशिश की।

यह भी पढ़ें : Haryana Assembly Elections: मतदान जारी, सीएम सहित कई दिग्गजों ने डाला वोट