Time Magazine List: एआई के क्षेत्र में सबसे ज्यादा चर्चित लोगों की सूची में कई भारतीय शामिल

0
231
Time Magazine List एआई के क्षेत्र में सबसे ज्यादा चर्चित लोगों की सूची में कई भारतीय शामिल
Time Magazine List : एआई के क्षेत्र में सबसे ज्यादा चर्चित लोगों की सूची में कई भारतीय शामिल

International Time Magazine List, (आज समाज), नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय पत्रिका टाइम मैगजीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्री अश्वनी वैष्णव को दुनियाभर में प्रभावशाली शख्सियत माना है। पत्रिका की ओर से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के मामले में विश्व के सबसे प्रभावशाली 100 लोगों की सूची जारी की गई है और अश्वनी वैष्णव सहित इस सूची में कई भारतीयों के नाम शामिल हैं। दिलचस्प बात यह है कि अनिल कपूर दूसरी वार्षिक टाइम 100 एआई सूची में जगह पाने वाले एकमात्र भारतीय अभिनेता हैं। यह सूची उन प्रभावशाली हस्तियों का जश्न मनाती है जिन्होंने एआई के विकास में योगदान दिया है।

सबसे उल्लेखनीय नाम

सूची में सबसे उल्लेखनीय नाम गूगल और अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई और माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला का है। अश्विनी वैष्णव और अनिल कपूर के अलावा प्रमुख भारतीय हस्तियों में इंफोसिस के को-फाउंडर और एकस्टेप के अध्यक्ष नंदन नीलेकणि का भी नाम लिस्ट में शामिल हैं। टाइम की सूची में प्रोटॉन के उत्पाद प्रमुख अनंत विजय सिंह और अमेजन के आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रमुख वैज्ञानिक रोहित प्रसाद भी शामिल हैं।

मोदी के मंत्री अश्विनी वैष्णव की तारीफ में यह कहा

अश्विनी वैष्णव के बारे में टाइम ने लिखा, वैष्णव के नेतृत्व में, भारत अगले पांच वर्षों में सेमीकंडक्टर निर्माण के लिए शीर्ष 5 देशों में से एक बनने की उम्मीद में है। यह आधुनिक एआई सिस्टम के लिए एक प्रमुख घटक है। भारत में इसके लिए कई कारखानों पर निर्माण शुरू हो गया है। टाइम ने लिखा है कि अश्विनी वैष्णव को इन महत्वाकांक्षाओं को साकार करने में महत्वपूर्ण चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

अभिनेता अनिल कपूर की प्रशंसा

मशहूर बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर ने ग्लोबल स्तर के बिजनेसमैन, तकनीकी प्रमुखों, वैज्ञानिकों और अभिनेताओं के बीच अपनी जगह बनाई है। सितंबर 2023 में अनिल कपूर तब सुर्खियों में आए जब दिल्ली हाईकोर्ट ने एक अंतरिम आदेश जारी कर कई वेबसाइटों और प्लेटफार्मों सहित 16 संस्थाओं को उनकी अनुमति के बिना व्यावसायिक लाभ के लिए उनके नाम, आवाज, छवि या अन्य व्यक्तिगत विशेषताओं का दुरुपयोग करने से रोक दिया।

डायलॉग के बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने किया था हस्तक्षेप

अनिल के मॉर्फ्ड वीडियो और मशहूर डायलॉग ‘झक्कास’ के बड़े पैमाने पर प्रसारित होने के बाद अदालत ने हस्तक्षेप किया। अभिनेता ने पहली बार इस शब्द का इस्तेमाल अपनी 1985 की फिल्म ‘युद्ध’ में किया था। टाइम ने अनिल कपूर की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली हाई कोर्ट में उनकी तस्वीर के अनधिकृत एआई उपयोग के मामले में ऐतिहासिक जीत हासिल की है। उनकी इस  जीत ने अन्य लोगों के लिए भी अपने व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा की राह खोली है।