Fatehabad News : हमसे हिसाब मांगने वाले पहले अपने गिरेबान में झांके: सीएम नायब सैनी

0
121
हमसे हिसाब मांगने वाले पहले अपने गिरेबान में झांके: सीएम नायब सैनी
हमसे हिसाब मांगने वाले पहले अपने गिरेबान में झांके: सीएम नायब सैनी

Fatehabad News (आज समाज) फतेहाबाद: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि हमारी सरकार से 10 साल का हिसाब मांगने वाले पहले अपने गिरेबान में झांके। उनके राज में नौकरियां पैसों में बिकती थी लेकिन हमारी सरकार ने गरीब परिवारों के बच्चों को भी बिना खर्ची बिना पर्ची सरकारी नौकरियां दी है। मुख्यमंत्री वीरवार को फतेहाबाद शहर की पुरानी अनाज मंडी में आयोजित प्रगति रैली को संबोधित कर रहे थे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हुड्डा सरकार में भाई भतीजावाद क्षेत्रवाद हावी था। मगर भाजपा सरकार ने क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर हर हलके के लिए समान रूप से विकास कार्य करवाए। इसलिए कांग्रेस के नेता हमारा हिसाब मांगने की बजाय अपने सरकार के कार्यकाल का हिसाब दें। उन्होंने कहा कि गरीब किसान मजदूर सभी के हक में भाजपा सरकार काम कर रही है और जनता के आशीर्वाद से तीसरी बार सरकार बनने पर इन कार्यों को और गति प्रदान की जाएगी। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि गरीब परिवार के लोगों की सरकार में भागीदारी बढ़ रही है। भाजपा संगठन ने आम कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष जैसे पद सौंपे हैं। इसी तरह गरीब परिवार के लोगों की भागीदारी को तीसरी बार सरकार बनाकर और बढ़ाना है। इस मौके पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, विधायक दुड़ाराम, विधायक लक्ष्मण नापा सहित कई नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

फतेहाबाद के लिए सीएम की घोषणाएं

फतेहाबाद विधानसभा के विकास के लिए 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई। गांव बड़ोपल में वन्य जीव पशु उपचार केन्द्र बनेगा। बिजली व्यचस्था दुरूस्त करने के लिए रास्तों में लगे खंभों व घर के ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों को हटाया जाएगा। जहां कम वोल्टेज है, वहां बड़ा ट्रांसफार्मर लगवाया जाएगा। उपयुक्त जगह मिलने पर वार्ड 13 व 14 में बुस्टिंग स्टेशन लगवाया जाएगा। फतेहाबाद के मिनी बाईपास को दुरुस्त किया जाएगा। भूना को उपमंडल व भट्टू को तहसील बनाने की मांग को मुख्यमंत्री ने नॉर्म्स पूरे होने पर पूरा करने का भरोसा दिलाया।