Sirsa News: अबकी बार इनेलो-बसपा गठबंधन बनाने जा रहा सरकार: अभय चौटाला

0
13
अबकी बार इनेलो-बसपा गठबंधन बनाने जा रहा सरकार: अभय चौटाला
Sirsa News: अबकी बार इनेलो-बसपा गठबंधन बनाने जा रहा सरकार: अभय चौटाला

कहा-किसानों के साथ दलित वर्ग पूरी तरह से इनेलो बसपा गठबंधन के पक्ष में
Sirsa News (आज समाज) सिरसा: चुनाव प्रचार के अंतिम दिन इंडियन नेशनल लोकदल एवं बहुजन समाज पार्टी की ओर से रानियां, डबवाली व कालांवाली में रैली आयोजित की गई। इन रैलियों में इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा में इनेलो बसपा गठबंधन की सरकार बनने का दावा किया। रैली में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए अभय सिंह चौटाला ने कहा कि यह चुनाव केवल विधायक बनाने का चुनाव नहीं है बल्कि सिरसा जिला के लोगों के लिए यह चुनाव मुख्यमंत्री बनाने का है। पहले दस साल कांग्रेस का शासनकाल रहा उसके बाद पिछले दस वर्षों से भाजपा सत्ता में है। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान वे हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में गए हैं। भाजपा द्वारा दस साल तक हरियाणा को लूटने, युवाओं को बेरोजगारी के दलदल में धकेलने, शिक्षा और स्वास्थ्य प्रणाली को पूरी तरह से खत्म करने का परिणाम है कि हरियाणा से भाजपा का पूरी तरह से सूपड़ा साफ हो चुका है।

इनेलो-बसपा गठबंधन को 30 से 35 सीटों पर जीत मिल रही

आज इनेलो-बसपा गठबंधन को 30 से 35 सीटों पर जीत मिल रही है। सिरसा की पांचों सीटों पर गठबंधन के विधायक चुनकर आएंगे और फिर आपकी सरकार बनेगी। किसानों और दलितों का एकतरफा इनेलो बसपा को समर्थन देने से अब कांग्रेस पूरी तरह से हाशिए पर पहुंच गई है। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि चौ. देवीलाल ने जो भी वादे किए उन्हें पूरा किया। 1986 में जींद में समस्त हरियाणा सम्मेलन का आयोजन हुआ था। तब चौ. देवीलाल ने 100 रुपए पेंशन देने, 10-10 हजार रुपए के कर्ज माफ करने का वादा किया था। 5100 रुपए गरीब की कन्या की शादी में देने की घोषणा की थी। उसी को आगे बढ़ाते हुए इनेलो बसपा की सरकार बनने पर हर घर से एक योग्य युवा को नौकरी, 21 हजार रूपए बेरोजगारी भत्ता, हर घर में एक मुफ्त गैस सिलेंडर के साथ 11 सौ रूपए रसोई खर्च, ईलाज के लिए जितना भी पैसा लगेगा उसे सरकार वहन करेगी, शिक्षा, बिजली, पानी मुफ्त देंगे।

कांग्रेस के दुष्प्रचार में न आएं जनता

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा कहते हैं कि इनेलो बसपा गठबंधन वोट काटने के लिए है तो मैं आज यह साफ कर देता हूं कि अगर बीजेपी में ही जाना होता तो 2014 में जब मोदी की सरकार बनी थी तभी चला जाता और चौ. ओम प्रकाश चौटाला को 10 साल की कैद भी नहीं काटनी पड़ती। उन्होंने लोगों से कहा कि आप कांग्रेस के दुष्प्रचार में न आएं और इनेलो बसपा गठबंधन को वोट देकर अपनी सरकार बनाएं। पूर्व विधायक डॉ. सीताराम ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में इनेलो-बसपा गठबंधन की लहर चल रही है। आज समय बदलाव का है। पिछले 20 वर्र्षों से हरियाणा का हर वर्ग आहत हैं। आज मुद्दे अलग हैं। संसदीय चुनाव में अलग स्थितियां थीं। विधानसभा चुनाव में मुद्दे भिन्न हैं। जनता आज इनेलो-बसपा को एक मजबूत विकल्प के रूप में देख रही है।

यह भी पढ़ें : Supreme Court: ईशा फाउंडेशन के खिलाफ पुलिस जांच के आदेश पर रोक