मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने किया मिंटो ब्रिज का दौरा

Delhi News Update (आज समाज), नई दिल्ली : दिल्ली में बारिश के दिनों या फिर मानसून के बाद जलभराव होना एक आम और बड़ी समस्या बन चुकी है। प्रदेश सरकार हर साल जलभराव से निपटने के वादे दिल्ली की जनता से करती थी लेकिन इस समस्या से निजात दिलाने में वह असफल रही। बीते विधानसभा चुनाव में भी सभी पार्टियों ने टूटी सड़कों व जलभराव को अपने मुख्य मुद्दा बनाया था। इसी बीच दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली की जनता को जलभराव से राहत दिलाने के लिए कमर कस ली है।

कार्य योजना के साथ कार्य कर रही सरकार

दिल्ली में बरसात के मौसम में जलभराव न हो इसके लिए दिल्ली सरकार पूरी तरह से एक योजना के तहत कार्य कर रही है। इसी के चलते दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा के साथ शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों, विशेष रूप से मिंटो ब्रिज का निरीक्षण किया। मिंटो ब्रिज पर पत्रकारों से बात करते हुए गुप्ता ने कहा कि इस क्षेत्र में पहले जलभराव के कारण एक बस डूब गई थी। इसे रोकने के लिए स्वचालित पंप लगाए गए हैं, जो पानी का स्तर बढ़ने पर अपने आप चालू हो जाते हैं। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि बरसात के मौसम में यहां 24 घंटे जल पंप आॅपरेटर तैनात रहेंगे। दोनों नेताओं ने जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान खोजने पर जोर दिया।

सभी प्रमुख नालों की सफाई का कार्य जारी

हालांकि मानसून सीजन अभी दूर है लेकिन दिल्ली सरकार ने उसकी तैयारी अभी से कर दी है। यही कारण है कि एक तरफ जहां हर छोटे-बड़े सीवरेज को साफ किया जा रहा है वहीं दिल्ली के सभी प्रमुख 22 नालों से गाद निकालने का कार्य भी युद्धगति से चल रहा है। जिसकी निगरानी खुद मुख्यमंत्री कर रहीं हैं।

ये भी पढ़ें : Delhi Breaking News : दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा ने मांगा राहुल का इस्तीफा

ये भी पढ़ें : Delhi News : दिल्ली की कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी : आतिशी