Delhi News Update : भाजपा की सरकार बनते ही दिल्ली प्रशासन में होगा बदलाव

0
85
Delhi News Update : भाजपा की सरकार बनते ही दिल्ली प्रशासन में होगा बदलाव
Delhi News Update : भाजपा की सरकार बनते ही दिल्ली प्रशासन में होगा बदलाव

दिल्ली में ढाई दशक बाद आई है भाजपा की सरकार, जल्द ब्यूरोक्रेसी में भी बड़े बदलाव की संभावना

Delhi News Update (आज समाज), नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में भाजपा ने 27 साल बाद विधानसभा चुनाव जीत लिए हैं। इसके साथ ही आने वाले पांच साल के लिए दिल्ली में भाजपा का शासन होगा। इससे पहले लगातार 11 साल तक आम आदमी पार्टी ने शासन किया जबकि उसके पहले करीब 16 साल तक कांग्रेस सत्ता में रही। ज्ञात रहे कि आप ने अपने हिसाब से दिल्ली का प्रशासन चलाया जबकि कांग्रेस ने अपने हिसाब से प्रशासन चलाया।

कुछ अलग करना चाहेगी भाजपा

इस बार दिल्ली की जनता इस उम्मीद से भाजपा को सत्ता में लेकर आई है कि वर्षों से उनके सामने जो समस्याएं हैं भाजपा उनका हल करेगी। वहीं भाजपा भी इसी प्रयास में रहेगी कि वह जनता से किए गए वादों को पूरा कर सके। ताकि सत्ता का सूखा जो इतना लंबा चला है वह दोबारा न हो। इसी प्रयास में उम्मीद जताई जा रही है कि नई सरकार के गठन का असर प्रशासनिक हलकों में भी देखने को मिलेगा। खासतौर से दिल्ली की ब्यूरोक्रेसी में बड़े बदलाव होने की संभावना है।

केंद्र और दिल्ली में भाजपा सरकार

अब केंद्र में भी बीजेपी की सरकार है और दिल्ली में भी बीजेपी की सरकार होगी। एलजी भी केंद्र सरकार द्वारा ही नियुक्त किए गए हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि दिल्ली का प्रशासन अब ज्यादा स्मूद तरीके से चल सकेगा। अधिकारियों की नियुक्ति से लेकर उनकी ट्रांसफर पोस्टिंग के मसले पर कोई बड़ा टकराव राज्य और केंद्र सरकार के बीच या राज्य सरकार और एलजी के बीच देखने को नहीं मिलेगा। इससे जो प्रशासनिक स्थिरता आएगी, उससे कामकाज में सुधार होने की उम्मीद है। खासकर लंबित पड़े कामों में तेजी आएगी।

नई सरकार का गठन होते ही ये सारे काम तेजी से होने की उम्मीद है। इसमें कोई बड़ी अड़चन भी नहीं आएगी। नई सरकार अपनी जरूरतों के हिसाब से न केवल अधिकारियों की तैनाती करेगी, बल्कि प्रशासनिक कामकाज को बेहतर बनाने और जवाबदेही तय करने के लिए कुछ नए निर्देश भी जारी कर सकती है। खासतौर से अधिकारियों को जनता के बीच जाकर फीडबैक लेने और खुद फील्ड में उतरकर योजनाओं और कामों का जायजा लेने के निर्देश दिए जा सकते हैं।

ये भी पढ़ें : Delhi News : आम आदमी पार्टी पर पड़ सकती है दोहरी मार