सोमवार को सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक रहा तापमान, आने वाले दिनों में तेजी से बढ़ेगा पारा
Delhi Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के लोगों को आने वाले दिनों में तेज गर्मी के लिए तैयार रहना होगा। मार्च शुरू होते ही सूर्य देव ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। आने वाले दिनों में राजधानी का मौसम साफ रहेगा और धूप खिलेगी। इसके चलते गर्मी में भी तेजी से इजाफा होगा। इससे पहले दिल्ली में सोमवार इस साल मार्च का सबसे गर्म दिन रहा।
अधिकतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक 31.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री कम 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिल्ली में मार्च का औसत अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री रहता है। सप्ताह के अंत में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू हो जाएगी। रविवार तक अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 15-17 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
27 फरवरी को टूटा था 74 साल का रिकॉर्ड
इससे पहले बीती 27 फरवरी की सुबह गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। 74 साल में फरवरी महीने का न्यूनतम तापमान सबसे ज्यादा दर्ज किया गया था। 1951-2025 तक की समयावधि पर गौर करें तो 27 फरवरी का न्यूनतम तापमान सबसे अधिक 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। यह सामान्य से सात डिग्री अधिक था। दिल्ली में इस साल 26 फरवरी को अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
जनवरी-फरवरी में सामान्य से कम हुई बारिश
इस साल जनवरी और फरवरी महीने में बारिश काफी कम हुई है। जनवरी में 19.2 और फरवरी में 21.5 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार 6.5 और 1.4 मिमी हुई है। मार्च के शुरूआत के दो दिनों में 2.0 मिमी दर्ज की गई है। मार्च में पूरे महीने में 19.1 मिमी बारिश दर्ज की जाती है। इस बार 20 जनवरी के बाद से ही राजधानी में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जाता रहा है। जिसके चलते सर्दी के दिनों में कमी आई और लोगों को जनवरी में ही गर्मी का अहसास होना शुरू हो गया। अब यदि मार्च में ही गर्मी का दौर शुरू हो जाता है तो लोगों को गर्मी के एक लंबे सीजन के लिए तैयार रहना पड़ेगा।
ये भी पढ़ें : Delhi Breaking News : दिल्ली की जनता खुद बनाएगी अपना बजट : सीएम
ये भी पढ़ें : Delhi Crime News : पुलिस के हत्थे चढ़े तीन वांछित बदमाश