पहले यमुना को प्रदूषण मुक्त और पेयजल युक्त बनाएं

Delhi News Update (आज समाज), नई दिल्ली। दिल्ली की मौजूदा सरकार द्वारा गत दिवस यमुना नदी में नौकायन शुरू करने के लिए किए गए समझौते पर दिल्ली कांग्रेस ने तंज कसा है। दिल्ली सरकार के इस कदम की आलोचना करते हुए कांग्रेस ने इसे जनता को गुमराह करने का प्रयास मात्र करार दिया है। इस संबंधी बयान देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा दिल्ली में सरकार बनाने के बाद सिर्फ इवेंट बेस कार्यक्रम करके जनता से किए वादों को पूरा करने से दूर भाग रही है। डबल इंजन की सरकार द्वारा पहले यमुना की गंदगी को साफ न करके यमुना में सोनिया विहार से जगत पुर तक 6 किलोमीटर क्रूज चलाने की योजना शुरू करना साफ तौर पर गलत दिशा में जाने की ओर कदम है।

यमुना का पानी पीने लायक बनाना जरूरी

देवेंद्र यादव ने कहा कि सरकार दिल्ली की लाईफ लाईन यमुना को पहले सफाई करके स्वच्छ बनाए और दिल्ली के लोगों को पर्याप्त मात्रा में पीने का पानी दे। दिल्ली के नालों का गंदा और प्रदूषित पानी बिना संशोधित किए सीधा यमुना में गिर रहा है। सरकार इस पर भी ध्यान दे।

वजीराबाद व औखला बराज के लिए योजना बनाए सरकार

देवेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा यमुना में क्रूज चलाने के समझौते को सरकार की उपलब्धि बनाकर पर्यावरण अनुकूल परिवहन प्रणाली का हवाला दे रही है जबकि दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण और परिवहन के मुख्य साधनों में सुधार और बढ़ावा देने पर सरकार का ध्यान क्यां नही जा रहा है? मुख्यत: वजीराबाद से औखला बैराज तक 22 किलोमीटर की यमुना में प्रदूषण को कम करने पर योजना क्यों नही बनाई जा रही और बंद पड़े सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को चालू करने अथवा इनमें सुधार करने पर सरकार काम क्यों नही कर रही, जबकि यह सीधा दिल्ली की जनता से जुड़ी समस्या है।

ये भी पढ़ें : Delhi News : आप ने विस अध्यक्ष पर लगाया पक्षपात करने का आरोप

ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : जीवन के लिए घातक है पंजाब के 12 जिलों का पानी