Shimla News : प्रदेश की बदहाल आर्थिक स्थिति भाजपा से विरासत में मिली : रोहित ठाकुर

0
28
प्रदेश की बदहाल आर्थिक स्थिति भाजपा से विरासत में मिली : रोहित ठाकुर
प्रदेश की बदहाल आर्थिक स्थिति भाजपा से विरासत में मिली : रोहित ठाकुर
Shimla News (आज समाज), शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा है कि वर्तमान कांग्रेस सरकार को प्रदेश की बदहाल आर्थिक स्थिति के साथ-साथ चरमराई हुई शिक्षा व्यवस्था भी पिछली भाजपा सरकार से विरासत में मिली है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों और जनविरोधी निर्णयों के कारण सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या कम हुई, क्योंकि पिछली सरकार ने गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। भाजपा सरकार की एकमात्र उपलब्धि अपने कार्यकाल के 6 महीने में राजनीतिक लाभ के लिए  बिना वित्त विभाग की स्वीकृति के दो दर्जन कॉलेज और 400 नए स्कूल खोलना है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के स्तर में गिरावट के लिए पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।  रोहित ठाकुर ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा में विद्यार्थियों की संख्या घटकर आज मात्र 49,295 रह गई है। उन्होंने कहा कि नेशनल एचीवमेंट सर्वे 2021 की रिपोर्ट के अनुसार गुणात्मक शिक्षा के मामले में हिमाचल प्रदेश फिसलकर 21वें स्थान पर पहुंच गया है।
आज हालत यह है कि 9वीं कक्षा में पढ़ने वाला विद्यार्थी दूसरी कक्षा की पुस्तक भी नहीं पढ़ सकता है। यही नहीं, जब वर्तमान कांग्रेस सरकार बनी तो प्रदेश में बिना अध्यापकों के 350 स्कूल, एक शिक्षक के सहारे चलने वाले स्कूलों की संख्या 3200 स्कूल थी। जबकि शिक्षा विभाग में शिक्षकों के 15,000 पद खाली पड़े थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय 90 प्रतिशत कॉलेज बिना प्रिंसिपल के सहारे चल रहे थे तथा प्रिंसिपल की प्रमोशन भी रूकी हुई थी, जिसके कारण शिक्षा के स्तर में गिरावट आई और सरकारी शिक्षण संस्थानों से विद्यार्थियों का पलायन हुआ।