Himachal CM News : प्रदेश की जनता ने पूरे देश को दिया संदेश : सीएम

0
105
प्रदेश की जनता ने पूरे देश को दिया संदेश : सीएम
प्रदेश की जनता ने पूरे देश को दिया संदेश : सीएम

Himachal CM News (आज समाज), शिमला: प्रदेश में तीन में से दो विधानसभा उपचुनाव जीतने के बाद सीएम सुखविंद्र सिंह ठाकुर ने भााजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के मतदाताओं के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी के मेहनती कार्यकर्ताआें की जीत है। प्रदेश की जनता ने खरीद-फरोख्त की राजनीति को नकार कर अपना वोट राज्य में राजनीतिक पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरा में 25 वर्षों के बाद कांग्रेस प्रत्याशी की जीत हुई है और नालागढ़ में भी कांग्रेस प्रत्याशी बड़े अंतर से जीते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अब कोई भी पार्टी आने वाले 50 साल में खरीद-फरोख्त की राजनीति करने की हिम्मत नहीं जुटा पाएगी और प्रदेश से यह संदेश पूरे देश की राजनीति में जाएगा। सीएम ने कहा कि 28 फरवरी, 2024 को प्रदेश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा कर चुनी हुई सरकार को गिराने का षड्यंत्र रचा गया, लेकिन इस ऐतिहासिक जीत के बाद अब विधानसभा में कांग्रेस पार्टी के विधायकों की संख्या एक बार फिर 40 हो गई है।

प्रदेश में कांग्रेस हुई मजबूत : अग्निहोत्री

प्रदेश में गत दिवस आए उप चुनाव के नतीजों के बाद सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस और मजबूत हुई है। उपचुनाव में तीन में से दो सीट पर जीत दर्ज करके कांग्रेस ने भाजपा को जोरदार जवाब दिया है। यह शब्द पार्टी की जीत से गदगद उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने धनबल के साथ प्रदेश का जनमत खंडित करने की नाकाम कोशिश की जिसे जनता ने नकार दिया।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि तीन उपचुनाव में जनता ने कांग्रेस पार्टी को भारी बहुमत से दो विधानसभा क्षेत्र में विजय दिलाई है और एक विधानसभा क्षेत्र में हम थोड़े से मार्जिन से पीछे रहे हैं। यह जनता का जनमत है जिसे सिर आंखों पर लेकर स्वीकार करते हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जयराम ठाकुर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए कभी दिल्ली जा रहे थे तो कभी राज्यपाल के पास जा रहे थे। वे कभी 4 जून तो कभी 13 जुलाई कह रहे थे। उन्होंने कहा कि अब उन्हें बताना चाहिए कि कब शपथ लेंगे? उन्होंने कहा कि 2022 में जनता ने कांग्रेस को बहुमत का 40 का आंकड़ा दिया था, हम फिर से उस आंकड़े को प्राप्त करने में सफल हुए हैं।

प्रदेश के विकास की तरफ करेंगे ध्यान

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता लालच के लिए भाजपा और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पिछले काफी समय से प्रदेश कांग्रेस का ध्यान भटकाया हुआ था। अब जबकि सभी चुनाव समाप्त हो चुके हैं और कांग्रेस अच्छे बहुमत के साथ सत्ता में है। इसलिए अब प्रदेश के विकास और जनता को सुविधाएं देने पर हम अपना पूरा ध्यान फोकस करेंगे। अग्निहोत्री ने कहा कि सीएम सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनता से की हुई हर गारंटी को पूरा करेगी।