Haryana News Chandigarh: हरियाणा में शादी रचाने वाली 2 महिलाओं का छलका दर्द

0
127
हरियाणा में शादी रचाने वाली 2 महिलाओं का छलका दर्द
हरियाणा में शादी रचाने वाली 2 महिलाओं का छलका दर्द

बोलीं- लोग कहते हैं गंदगी कर दी
सोशल मीडिया पर कमेंट्स आॅफ करने पड़ते हैं

Haryana News Chandigarh (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा के गुरुग्राम में शादी रचाने वाली 2 महिलाएं वीडियो वायरल होने के बाद मीडिया के सामने आई हैं। उनका कहना है कि लोग हमें इतना बुरा बोल रहे हैं कि सोशल मीडिया पर कमेंट्स आॅफ करने पड़ते हैं। कुछ लोग कहते हैं कि गंदगी कर दी। मगर, हम दोनों खुश हैं। जल्द ही हम अनाथ आश्रम से बेबी अडॉप्ट करेंगे। यह शादी टीवी एक्ट्रेस अंजू और मेकअप आर्टिस्ट कविता ने रचाई थी। गुरुग्राम की अंजू टीवी सीरियल्स में काम करती है। शादी में वह दूल्हा बनी थी। वहीं कविता फतेहाबाद की रहने वाली है। वह दुल्हन बनी थी। दोनों की शादी 23 अप्रैल को हुई लेकिन इसके वीडियो कुछ दिन पहले सामने आए। जिसके बाद 2 महिलाओं की शादी सुर्खियों में आ गई। अब उन्होंने अपनी लव स्टोरी और शादी करने की पूरी कहानी मीडिया से बातचीत में बयान की। अंजू ने कहा कि मैं एक यूट्यूबर हूं। मैं उसका शूट वगैरह करती हूं। उसी वजह से कविता को मैंने मेकअप आर्टिस्ट के तौर पर बुलाया था। वह लॉकडाउन का समय था। डायरेक्टर और एक्टर वगैरह भी गए थे। बाहर जा नहीं सकते थे। 22 दिन का शूट था। इस दौरान कविता भी मेरे साथ थी। मैं फिर उसे खुद छोड़ने गई। रात इसके घर रहे। कविता ने सुबह कहा कि मैं भी आपके साथ चलूंगी। उस वक्त प्यार वगैरह कुछ नहीं था। कविता बहुत केयरिंग थी, मां को भी पसंद आई। इसके बाद हम मुंबई भी साथ रहे। 4 साल से हम इकट्ठा रहे। मेरे 22 साल के भांजे का एक्सीडेंट हो गया। उस वक्त ये मेरे साथ थी। 2022 में मम्मी चली गई। दुख में सब साथ छोड़ गए लेकिन यह मेरे साथ रही। कानून में हमारी शादी लीगल नहीं है। विदेश में है। मैंने शादी से पहले वकीलों से बात की। उन्होंने कहा कि आप लोगों का मेल-फीमेल की तरह शादी का रजिस्ट्रेशन नहीं हो सकता। लोग अब भी कह रहे हैं कि गंदगी कर दी। समाज में कुछ लोग हमारे साथ भी हैं। कविता के भाई को बोला जा रहा है, वह हमें बुरा लग रहा है। हमने बहुत सोच-समझकर फैसला लिया है। हम खुश हैं।

कविता ने कहा कि मुझे तो पता था कि शादी के बाद वीडियो वायरल होंगे। ये सब तो होना ही था। भाई और पापा को बोला जा रहा है तो मुझे बुरा लग रहा है। मुझे कमेंट्स आॅफ करने पड़ते हैं। दुनिया बोल रही है लेकिन वह खाने को थोड़े देते हैं। वह मुश्किल के वक्त हमारे साथ थोड़े आते हैं। अंजू बहुत केयरिंग है। जो भी मुझे चाहिए होता है, वह पहले से लाकर देते हैं। मुझे कभी नहीं लगा कि 1% भी मैंने गलत फैसला लिया है। आगे चलकर हम अनाथ आश्रम से बेबी अडॉप्ट कर लेंगे। मेरे घर में मां नहीं मान रही है लेकिन धीरे-धीरे मान जाएगी।