Shimla News : सरकार जनता पर हर दिन खर्चों का बोझ बढ़ा रही : अनुराग

0
107
सरकार जनता पर हर दिन खर्चों का बोझ बढ़ा रही : अनुराग
सरकार जनता पर हर दिन खर्चों का बोझ बढ़ा रही : अनुराग
Shimla News (आज समाज) शिमला। पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार अपनी विलासिता और ख़र्चों पर कटौती करने की बजाय यह सरकार जनता पर हर दिन खर्चों का बोझ बढ़ाती जा रही है। कांग्रेस की इन मनमानियों से जनता में अत्यंत रोष है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि साल 2019 में भाजपा ने अपने कार्यकाल में हिमाचल में आयुष्मान भारत योजना से छूट गए लोगों को कैशलेस इलाज देने के लिए हिमकेयर योजना को शुरू किया था, जिससे प्रदेश के लाखों लोगों को लाभ मिल रहा था। सरकारी अस्पतालों में अच्छा इलाज न मिल सकने की स्थिति में प्राइवेट अस्पतालों में इलाज करा सकने की सुविधा जनता के लिए वरदान बनी थी, मगर हिमाचल प्रदेश में जनता का सहारा बनी हिमकेयर योजना को कांग्रेस सरकार ने निजी अस्पतालों के लिए बंद करने का तुगलकी फैसला लिया है।
यानी कि हिमकेयर कार्ड धारक अब प्राइवेट अस्पतालों में इलाज नहीं करवा पाएगा। अहंकारी कांग्रेस ने प्रदेश की जनता से उनका सहारा छीनने का काम किया है जिसकी जितनी निंदा की जाए कम है। अपने आर्थिक कुप्रबंधन के चलते कांग्रेस ने भाजपा की एक और जनहित की योजना की बलि ले ली।