Haryana News : सरकार खो चुकी जनता का विश्वास: अभय चौटाला

0
76
सरकार खो चुकी जनता का विश्वास: अभय चौटाला
सरकार खो चुकी जनता का विश्वास: अभय चौटाला

Haryana News (आज समाज) चंडीगढ़ : इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने कहा कि चाहे युवाओं को सरकारी नौकरी देने की बात हो या फिर कानून व्यवस्था की बात है भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हो रही है। भाजपा ने युवाओं को बेरोजगारी के दलदल में धकेल दिया है। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। नीट की परीक्षा में धांधली के सबूत मिलने और सीबीआई द्वारा केस दर्ज करने के बाद भी पेपर को रद्द नहीं किया गया। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि नीट के पेपर को लीक करने में सरकार में बैठे बड़े लोगों का हाथ है। वहीं नेट की परीक्षा को बिना लिए ही रद्द कर दिया गया।

सामाजिक-आर्थिक आधार पर दिए नंबरों खारिज किए

इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने सामाजिक-आर्थिक आधार पर दिए गए 5 नंबरों को खारिज कर दिया है जिसके कारण लाखों बच्चों के सरकारी नौकरी पाने की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। इन सबसे यह निष्कर्ष निकलता है कि भाजपा सरकार की प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरी देने की कोई मंशा नहीं है।

आज प्रदेश में कानून व्यवस्था का पूरी तरह से दिवालिया पिट चुका है। हररोज सरेआम हत्याएं, डकैती और लूट की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है और भाजपा सरकार गूंगी, बहरी और अंधी बन कर बैठी है। हमारी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की सरेआम गोलियां मार कर हत्या कर दी गई जिसके असली दोषियों को आज तक पकड़ा नहीं गया है। वहीं सोमवार को बदमाशों द्वारा इनेलो पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम भगत गुप्ता के हिसार स्थित महेंद्रा गाडिय़ों के शो रूम पर सरेआम तीस से ज्यादा राउंड फायर किए गए और पांच करोड़ रूपए की रंगदारी मांगी गई।