सीएम सहित विधायकों ने ली शपथ, प्रोटेम स्पीकर अरविंद्र सिंह लवली ने दिलाई शपथ
Delhi Assembly Session Live (आज समाज), नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र शुरू हो चुका है। इस दौरान दिल्ली विधानसभा में प्रोटेम स्पीकर अरविंद सिंह लवली ने सभी विधायकों को विधानसभा की सदस्यता दिलाई। सीएम रेखा गुप्ता से लेकर सभी भाजपा, आप और कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। दिल्ली सरकार के मंत्रियों के बाद विधानसभा में भाजपा और आम आदमी पार्टी के विधायक विधानसभा के सदस्य की शपथ ले रहे हैं। आम आदमी पार्टी के बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने संस्कृत में शपथ ली।
दिल्ली का गौरव वापस आएगा
दिल्ली विधानसभा सत्र पर भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा कि भाजपा को चुनाव में बड़ी जीत मिली। आज हम लोकतंत्र के इस मंदिर में प्रवेश कर रहे हैं। यह हम सभी के लिए बहुत गर्व की बात है कि 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी का कमल खिला है। देश के प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जो मार्गदर्शन पूरे देश को मिल रहा है, वह दिल्ली को भी मिलेगा और दिल्ली का गौरव वापस आएगा।
दोनों पार्टियों ने 23 फरवरी को बुलाई थी विधायक दल की बैठक
विधानसभा सत्र की तैयारी के लिए भाजपा और आम आदमी पार्टी ने अपने-अपने विधायक दल की बैठक बुलाकर सदन की कार्यवाही की रूपरेखा तैयार की है। एक तरफ जहां भाजपा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अगुवाई में सदन की कार्यवाही का संचालन करेगी तो वहीं आम आदमी पार्टी ने विधायक दल की नेता के रूप में आतिशी का चयन किया है। इस तरह से आज से दिल्ली विधानसभा में नारी शक्ति का आमना सामना शुरू हो जाएगा। जोकि आने वाले पांच साल तक चलेगा। एक तरफ जहां मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आप की सीएम रही आतिशी से पिछले 10 साल का लेखा जोखा मांगेगी तो वहीं आतिशी भाजपा सीएम से दिल्ली की जनता के साथ किए गए वादे पूरे करने का दवाब बनाएंगी।
27 फरवरी तक चलेगा विधानसभा सत्र
दिल्ली की नई सरकार का पहला विधानसभा सत्र 27 फरवरी तक चलेगा, जिसमें 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर कार्यवाही स्थगित रहेगी। सत्र के पहले दिन 24 फरवरी को विधानसभा के सदस्य शपथ लेंगे, जिसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी भी शामिल होंगे। उनको प्रोटेम स्पीकर अरविंदर सिंह लवली शपथ दिलाएंगे। इसके बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता विजेंद्र गुप्ता को स्पीकर पद के लिए चुना जाएगा। बताया जा रहा है कि विपक्षी आम आदमी पार्टी ने अपने किसी विधायक का नाम स्पीकर पद के लिए प्रस्तावित नहीं किया है, जिससे यह तय है कि विजेंद्र गुप्ता निर्विरोध स्पीकर चुन लिए जाएंगे।
25 फरवरी को उपराज्यपाल का अभिभाषण
25 फरवरी को सत्र का दूसरा दिन होगा और इस दिन सदन में कई महत्वपूर्ण घटनाएं होने की संभावना है। सबसे पहले उपराज्यपाल वीके सक्सेना मौजूदा सरकार के कार्यकाल में पहली बार विधानसभा को संबोधित करेंगे। उपराज्यपाल का अभिभाषण आम तौर पर सरकार की योजनाओं और नीतियों पर आधारित होता है, लेकिन इसमें पिछली आप सरकार के कामकाज पर टिप्पणियां भी हो सकती हैं।
ये भी पढ़ें : Weather Update : कल से बदलेगा उत्तर भारत का मौसम
ये भी पढ़ें : America Deported Indians : निर्वासित भारतीयों का विमान अमेरिका से पहुंचा दिल्ली