Punjab Crime News : पिता-पुत्र के कत्ल से गांव में दहशत

0
124
पिता-पुत्र के कत्ल से गांव में दहशत
पिता-पुत्र के कत्ल से गांव में दहशत

Punjab Crime News (आज समाज), जलालाबाद : जलालाबाद के गांव पाका में पिता-पुत्र की हत्या का मामला सामने आया है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद जहां परिवार में मातम है वहीं पूरा गांव दहशत में है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इस दोहरे हत्याकांड के पीछे रंजिश है। वहीं हत्याकांड की वजह खेतों में पानी देने को लेकर हुई कहासुनी बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार अवतार सिंह और उसके बेटे हरमीत सिंह की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई जब दोनों बाप-बेटा खेतों में पानी लगा रहे थे। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। वहीं परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतकों के शव कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

यह दी गई पुलिस को शिकायत

हत्याकांड के बारे में पुलिस को दी शिकायत में मृतक अवतार सिंह के भाई कारज सिंह ने बताया कि उसके भाई ने करीब दो वर्ष पहले गांव में आठ एकड़ जमीन ठेके पर ली थी जिस पर वह खेती करता था। अवतार सिंह ने जिस जमीन को ठेके पर लिया था वह पहले आरोपी पलविन्द्र सिंह व उसके भाईयों के पास ठेके पर थी। इसी बात को लेकर आरोपी उसके भाई से रंजिश रखते थे।

पानी की बारी को लेकर आरोपी हथियारों से लैस होकर आए जहां उनकी पानी लगाने को लेकर अवतार सिंह के साथ बहस हो गई और बाद में झगड़ा हो गया। आरोपी पलविन्द्र सिंह ने अपने भाईयों के साथ मिलकर अपने लाइसेंसी हथियार से करीब 5 से 6 राउंड गोलियां चलाकर अवतार सिंह व उसके बेटे हरमीत सिंह का कत्ल कर दिया। वहीं पुलिस ने मृतकों के परिजनों के बयानों के आधार पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।