भीष्ण गर्मी के लिए तैयार रहें दिल्लीवासी, आज और कल हल्की बारिश की भी संभावना

Delhi Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में आज और कल हल्की बारिश की संभावना है। यह सब पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते संभव होगा। हालांकि इस बारिश से दिल्ली के लोगों को गर्मी से किसी तरह की राहत मिलने की संभावना नहीं है। बारिश की बावजूद गर्मी का प्रकोप तेजी से बढ़ेगा और इसी सप्ताह के अंत तक दिल्ली का पारा 40 डिग्री तक पहुंच जाएगा।

तेजी से बढ़ रहा दिल्ली का पारा

दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री दर्ज किया गया था, जबकि बुधवार को अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान दस दिनों में लगातार दूसरे दिन 15 डिग्री से नीचे रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री कम 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं दिन भर धूल भरी हवाएं चलीं। बृहस्पतिवार को भी 10-30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान हैं। अब इस सप्ताह के दौरान दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। 25 मार्च से 27 मार्च के दौरान तापमान के 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। इससे अप्रैल-मई की गर्मी वाला अहसास होगा। आसमान साफ रहने के कारण गर्मी ज्यादा महसूस होगी।

20-21 मार्च के बाद से दिल्ली-एनसीआर में मौसम शुष्क हो जाएगी। 23 मार्च को अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री पहुंचने और 24-25 मार्च को अधिकतम तापमान 35-37 डिग्री रहने की संभावना है। इसके बाद तेजी से तापमान में बढ़ोतरी होगी और तापमान 40 डिग्री तक पहुंच जाएगा।

सामान्य से कम हुई बारिश भी है गर्मी की वजह

इस साल सर्दी के मौसम के दौरान न केवल दिल्ली बल्कि समस्त उत्तर भारत के मैदानी हिस्सों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई। इसी का कारण है कि हवाओं में नमी की मात्रा कम होने से समय से पहले ही तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया जाने लगा है। इस साल 20 जनवरी के बाद से ज्यादात्तर दिन तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। जबकि अब यह तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को इस बार गर्मी के लंबे मौसम के लिए तैयार रहने की चेतावनी जारी की है।

ये भी पढ़ें : Delhi Crime News : दिल्ली पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई लाखों की लूट