26 मार्च रहा 11 साल का सबसे गर्म दिन

Delhi Weather Today (आज समाज), नई दिल्ली : मार्च के अंतिम सप्ताह में ही राजधानी दिल्ली में सूर्य देवता ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ दिन से तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। इसी के चलते बुधवार यानी 26 मार्च को दिल्ली का तापमान बढ़ता हुआ 38.9 डिग्री के पास पहुंच गया। इस तरह से दिल्ली में 11 साल बाद 26 मार्च सबसे ज्यादा गर्म दर्ज किया गया। इससे पहले 2011 में इतनी ज्यादा गर्मी पड़ी थी। वहीं मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में राजधानी के निवासियों को गर्मी के लंबे सीजन के लिए तैयार रहना पड़ेगा।

जनवरी से ही सामान्य से अधिक चल रहा तापमान

इस बार सर्दियों में सामान्य से काफी कम बारिश पड़ने के चलते सर्दी के दिनों में कमी आई। इसी का कारण रहा कि 20 जनवरी के बाद तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जाने लगा था। जनवरी के बाद फरवरी में भी गर्मी ने करीब 79 साल का रिकॉर्ड तोड़ा था और अब बीते कल एक बार फिर से गर्मी ने 11 साल का रिकॉर्ड तोड़ा और तापमान 39 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार बारिश नहीं होने के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अप्रैल में तापमान और अधिक होने की संभावना है।

रिज इलाके में रहा सबसे ज्यादा तापमान

बुधवार को सुबह से ही तेज धूप निकल गई थी, जहां सुबह व शाम को लोगों को ठंड का अहसास होता था। अब यह बिल्कुल हल्का हो गया है। रिज इलाका 40.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि आया नगर में तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, लोदी रोड में 38.7 व पालम में 38.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। उधर, लोदी रोड में न्यूनतम तापमान अन्य केंद्रों के मुताबिक सबसे कम रहा। यहां न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पालम में 20 व आया नगर में 17.4 डिग्री दर्ज हुआ।

ये भी पढ़ें : Punjab Crime News : दिल्ली-कटरा नेशनल हाईवे पर दिखे संदिग्ध

ये भी पढ़ें : Delhi Breaking News : आप ने बजट सत्र पर उठाए सवाल