मौसम विभाग ने 26 व 27 फरवरी को जताई बारिश होने की संभावना
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जिस कारण हरियाणा में एक बार फिर ठंड लौट आई है। पहले जहां दिन का तापमान हरियाणा में 28 से 29 डिग्री के बीच था वहीं अब 22 से 24 डिग्री के बीच आ गया है। मौसम वैज्ञानियों ने एक सप्ताह तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई है।

एक ओर पश्चिमी विक्षोभ देगा दस्तक

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि 2 से 3 दिन अधिकतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी मगर रात्रि तापमान गिरना शुरू होगा। इसके बाद 26 और 27 फरवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा में दस्तक देगा जिसके कारण कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बता दें कि हरियाणा में 2 दिन पहले बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली थी। हरियाणा के 5 जिलों पानीपत, कैथल, जींद, करनाल और फतेहाबाद में ओले गिरे थे।

24 फरवरी तक चलेंगी उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 24 फरवरी तक उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है। परंतु 25 व 26 फरवरी के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से बीच-बीच में हवाओं में बदलाव आने से राज्य में बीच-बीच में कहीं-कहीं आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है। इससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है।

ये भी पढ़ें  : हरियाणा में भ्रष्ट अधिकारियों को 50 साल की उम्र के बाद नहीं मिलेगी एक्सटेंशन