Human Trafficking Racket, (आज समाज), हैदराबाद: तेलंगाना की काचीगुडा पुलिस ने मानव तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ कर 2 महीने के बच्चे को बचाया है। मंगलवार को एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से दो माह के बच्चे का अपहरण कर लिया गया था। पुलिस ने पांच घंटे में मुख्य आरोपी बोगा नरसिंह राज को गिरफ्तार कर बच्चे को एक महिला के घर से बरामद किया।
एक महिला के घर से बच्चा बरामद
अधिकारियों ने बताया कि संध्या रानी नाम की महिला ने कथित तौर पर बच्चे को खरीदा था। उन्होंने बताया कि 10 फरवरी को काचीगुडा के डी-मार्ट में आरोपी, शिकायतकर्ता व उसके बच्चे को खरीदारी के लिए ले गया था। जब मां कपड़े चुन रही थी, तभी उसने बच्चे को आरोपी को सौंप दिया, जो फिर एक किराए के आटो में मौके से भाग गया।
तलाशी के लिए बनाई गई थीं दो टीमें
शिकायत मिलने पर, एसआई डी सुभाष और पी रवि कुमार के नेतृत्व में दो विशेष टीमें बनाई गईं। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को ट्रैक किया। हैदराबाद के गौलीगुडा में मुख्य आरोपी बोगा नरसिंह राज की पहचान की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। कथित तौर पर बच्चे को खरीदने वाली संध्या रानी के घर से बच्चे को छुड़ाया। इसके बाद बच्चे को सुरक्षित तरीके से उसकी जैविक मां शेरवत्ती वरलक्ष्मी को सौंप दिया गया।
किशोर न्याय अधिनियम के तहत केस दर्ज
पुलिस ने किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। अधिकारियों ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, 46 वर्षीय बोगा नरसिंह राज, निखिल अस्पताल में एक्स-रे तकनीशियन और दूसरा 48 वर्षीय आरोपी राघवेंद्र सरकारी कर्मचारी है। तीसरा आरोपी, एन. उमावती फिलहाल फरार है। उसकी उम्र 55 वर्ष है।
पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है नरसिंह
पुलिस जांच में पता चला कि बोगा नरसिंह राज पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसने कथित तौर पर अवैध रूप से गोद लेने के लिए बच्चों की व्यवस्था करने की पेशकश करके नि:संतान दंपतियों को लालच दिया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संध्या रानी ने एक बच्चे को गोद लेने में रुचि दिखाई, जिसके बाद राघवेंद्र ने उसे बोगा नरसिंह राज से मिलवाया।
1,50,000 रुपए में तय हुआ सौदा
1,50,000 रुपए में सौदा तय हुआ, जिसमें 1,00,000 रुपए का अग्रिम भुगतान शामिल था। इसके बाद राज ने शिकायतकर्ता को निशाना बनाया और उसे डी-मार्ट जाने के लिए राजी किया, जहां उसने बच्चे का अपहरण कर लिया और उसे 30,000 रुपए के बदले संध्या रानी को सौंप दिया। मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए आगे की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें : Maharashtra Naxalism: गढ़चिरौली जिले में नक्सलियों ने की नागरिक की हत्या