परिजनों का आरोप रंजिश के चलते की हत्या, तीन गिरफ्तार, आरोपियों ने कबूल किया अपना गुनाह

UP Crime News (आज समाज), पीलीभीत : कस्बे के न्यूरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बिथरा में रंजिश को लेकर किशोर का अपहरण कर हत्या कर दी गई। जिस किशोर की हत्या की गई उसका नाम पूरनलाल था। वह बेहद गरीब परिवार से था और पांच बहनों का इकलौता भाई था। परिवार की हालात नाजुक देख उसने आठवीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी। मेहनत मजदूरी कर घर का पालन पोषण करने लगा। पुलिस ने शनिवार को नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया। आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त बांका और एक बाइक भी बरामद की गई है। तीनों को जेल भेज दिया गया।

10 मार्च की रात से गायब था किशोर

रामबहादुर का पुत्र पूरनलाल उर्फ सागर (16) 10 मार्च की रात 11 बजे घर से कुछ दूरी पर झोंपड़ी में सो रहे पिता को देखने गया था। इसके बाद वह लापता हो गया। कोई जानकारी न मिलने पर परिजनों ने 12 मार्च को न्यूरिया थाने में लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। 14 मार्च को दोपहर 12 बजे न्यूरिया के मंडरिया गांव स्थित रोहतनिया पुल के नीचे उसका शव बोरे में बंद मिला। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे।

पिता राम बहादुर ने रंजिश का जिक्र करते हुए गांव के बॉबी, शुभम उर्फ शिवम व अमरिया क्षेत्र के कैमोर गांव निवासी प्रमोद के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने पूर्व में दर्ज मुकदमे को हत्या में तरमीम कर आरोपियों को नामजद किया। शनिवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि आरोपियों ने रंजिश में हत्या की बात कबूल की है।

10 मार्च को दी थी धमकी

पीलीभीत के बिथरा गांव में मृतक पूरनलाल का परिवार आरोपियों की दबंगाई से परेशान था। आरोपी पक्ष अक्सर विवाद पर उतारू रहते थे। 10 मार्च की शाम को पूरनलाल के फोन पर बात करते हुए रास्ते से गुजरने पर आरोपियों ने एतराज जताया था। कहासुनी के बाद गालीगलौज की। जानकारी पर पूरनलाल के चाचा कालीचरन मौके पर पहुंचे और बचाव कराया। आरोपियों ने चाचा के सामने धमकी दी थी कि इस बार खून की होली खलेंगे। गांव में मृतक और आरोपियों का घर सौ मीटर के दायरे में हैं। आरोपियों ने पूरनलाल के शव को बर्बरता के साथ काटा और बोरे में बंद कर पुल के नीचे ले जाकर फेंक दिया। उसकी सिर, गर्दन, दोनों हाथ, दोनों पैर अलग थे।

ये भी पढ़ें : PM Modi News : पाकिस्तान ने हमेशा हमें धोखा दिया : नरेंद्र मोदी

ये भी पढ़ें : Pakistan Breaking News : पाकिस्तानी सेना पर बलूच लड़ाकों का हमला