Swimming coach Surjit Ganguly arrested for raping student: छात्रा से रेप के आरोपी तैराकी कोच सुरजीत गांगुली गिरफ्तार

0
324

नई दिल्ली/पणजी। एक नाबालिग लड़की के रेप के आरोपों का सामना कर रहे गोवा के बर्खास्त तैराकी कोच सुरजीत गांगुली को गिरफ्तार कर लिया गया। गोवा पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। छात्रा के साथ कोच की जबरदस्ती का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने सख्त तेवर अपनाया था। रिजिजू की सख्ती के बाद ही कोच को पहले बर्खास्त किया गया और अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक (उत्तर) उत्कर्ष प्रसून ने बताया कि गांगुली को दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अलग-अलग शहरों की यात्रा कर रहा था।
गोवा पुलिस ने गोवा तैराकी संघ के लिए कोचिंग देने वाले गांगुली के खिलाफ गुरुवार को मामला दर्ज किया था। इसके बाद से वह गायब था। प्रसून ने बताया कि लड़की के पिता ने पहले पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के रिशरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करायी थी। पीड़ित और कोच दोनों पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। शिकायत में कहा गया है कि यह घटना गोवा के मापुसा में हुई थी। अधीक्षक ने कहा, शिकायत दर्ज होने के बाद, उत्तरी गोवा जिला पुलिस तुरंत कार्रवाई में जुट गई। उन्हें यह शिकायत ई-मेल से मिली और फिर मापुसा पुलिस थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज की गई।