पश्चिमी विक्षोभ का असर हुआ खत्म, तेज और ठंडी हवाएं भी थमी
Delhi Weather (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के लोगों को अब गर्मी के लिए तैयार होना पड़ेगा। ज्ञात रहे कि इस बार सर्दी का सीजन काफी छोटा रहा था और 20 जनवरी से ही तापमान सामान्य से अधिक रहने लगा था। इसके बाद फरवरी में तापमान ने 74 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। लेकिन उसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते दिल्ली में बूंदाबांदी का दौर शुरू हुआ और पिछले कुछ दिन से तेज हवाओं ने गर्मी का असर कम करके रखा। लेकिन अब तेज हवाएं थम चुकी हैं ओर पश्चिमी विक्षोभ का असर भी लगभग समाप्त हो चुका है। ऐसे में तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
सप्ताह के अंत में 31 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
वीकेंड तक अधिकतम तापमान 31 डिग्री के पार जाने की संभावना है। जबकि अगले सप्ताह के मध्य तक अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16-18 डिग्री के बीच पहुंच जाएगा। यह इस सीजन का सबसे अधिकतम तापमान हो जाएगा। दिल्ली में बीते दिनों हुई हल्की बारिश व तेज हवाएं चलने से मौसम काफी सुहावना बना हुआ है। सुबह व शाम की सर्दी का अहसास हो रहा है। तापमान में भी ज्यादा बढ़ोतरी देखने को नहीं मिली। बीते एक हफ्ते में केवल तीन मार्च को ही तापमान 30 डिग्री के पार गया था।
वहीं बृहस्पतिवार दोपहर तक तेज हवाएं चलीं जिससे तापमान कुछ ज्यादा नहीं बढ़ा। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 28.4 और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि बुधवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अब दो दिन तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी लेकिन उसके बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी।
33 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
10 मार्च के बाद तो अधिकतम तापमान 31-33 और न्यूनतम तापमान 16-18 डिग्री के बीच पहुंच जाएगा। 11 मार्च को तापमान 33-35 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। अमूमन 7 से 11 मार्च के बीच अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज होता है। नौ मार्च को एक पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है। इससे मौसम में खास परिवर्तन नहीं होगा। हालांकि हवा की दिशा बदलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी।
ये भी पढ़ें : Delhi News : भाजपा दिल्ली में नई स्वास्थ्य योजनाएं चलाएगी : स्वास्थ्य मंत्री
ये भी पढ़ें : Delhi CM News : जन समस्याओं का तुरंत समाधान करें अधिकारी : सीएम