अधिकत्तम तापमान में आई कमी, आने वाले दो दिन मिलेगी राहत
Delhi Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : देश की राजधानी सूर्य देवता के प्रकोप का ताप झेल रही है। हालात यह हैं कि 15 फरवरी से पहले ही पारा 30 डिग्री तक पहुंच चुका है। जिससे लोगों को दिन में तेज गर्मी का एहसास हो रहा है। सोमवार के बाद मंगलवार को भी राजधानी के तापमान में वृद्धि देखी गई। लेकिन बुधवार को कुछ राहत महसूस हुई। उत्तर पश्चिम से आने वाली तेज हवाओं ने लोगों को गर्मी से कुछ राहत दी।
हालांकि आसमान साफ होने के कारण धूप खिली रही लेकिन हवाओं ने धूप की तपिश कुछ कम कर दी। मौसम विभााग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कुछ इलाकों में तापमान 27 डिग्री के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पीतमपुरा में सबसे अधिक तापमान रहा। यहां अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रिज में 27, आया नगर में 26.8, लोधी रोड में 26.2 व पालम में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री रिकॉर्ड किया।
आज भी चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग का पूवार्नुमान है कि आज आसमान साफ रहेगा। दिन में तेज हवाएं (20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति) चलने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 26 और 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार लगातार तापमान बढ़ने का मुख्य कारण लंबे से समय से जारी शुष्क मौसम, धीमी सतही हवा और पश्चिमी हिमालय पर कमजोर पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव है।
हालांकि इसके आगे बढ़ने की संभावना है, जिससे 13 से 15 फरवरी के बीच पहाड़ों पर मौसम साफ हो जाएगा। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवा चलेगी, जिससे तापमान में अंतर आएगा और निचले स्तर की हवा तेज होगी। अगले तीन दिनों में तापमान के और अधिक बढ़ने की संभावना नहीं है। बल्कि, इस दौरान अधिकतम तापमान 2 डिग्री से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है।
सुबह शाम ठंड, दिन में गर्मी
सुबह के समय अच्छी ठंड है। दिन में गर्मी चुब रही है, जबकि शाम को हल्की ठंड का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि होनी शुरू हो गई है। न्यूनतम तापमान सामान्य 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 11.6 डिग्री दर्ज किया गया। लोधी रोड में न्यूनतम तापमान अन्य केंद्र के मुताबिक सबसे कम दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें : Delhi News Update : नहीं थम रही आप विधायक की मुश्किलें
ये भी पढ़ें : Delhi Breaking News : दिल्ली में एसआईटी करेगी भ्रष्टाचार के मामलों की जांच