ग्वालियर में बेकाबू ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला, 13 की मौत, 40 से ज्यादा घायल

0
59
baghpat-accident
ग्वालियर में बेकाबू ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचला

ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर के पास रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. नो-एंट्री में घुसे एक तेज रफ्तार ट्रक ने मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को कुचल दिया. हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं. घायलों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं. छह घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

रविवार को माता के दर्शन करने आए श्रद्धालुओं को नहीं पता था कि उनके साथ आगे ऐसा कुछ हो जाएगा. खुशी खुशी घर के जो लोग पूजा के लिए निकले वो फिर वापस नहीं लौटे. तेज रफ्तार ट्रक ने एक साथ कई जिंदगी उजाड़ दी. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. हादसे में जान गंवाने वालों और घायलों के परिजनों में आक्रोश है.

रात करीब 2 बजे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक शनिवार और रविवार की दरमियानी रात शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक नो-एंट्री में घुस आया. इसने श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया. इसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर मंदिर परिसर में बनी दुकानों की दीवार से जा टकराया. टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोग ट्रक के नीचे दब गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद शुरू की और पुलिस को सूचना दी.

क्रेन की मदद से निकाले गए घायल

घटना की जानकारी तुरंत ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे. राहत और बचाव कार्य के दौरान ट्रक के नीचे दबे लोगों को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया. इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल (JAH) में भर्ती कराया गया. अस्पताल में छह घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है. घायलों में विशेष सशस्त्र बल (SAF) के दो जवान भी शामिल हैं। दोनों मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात थे.

ट्रक जब्त, चालक की तलाश जारी

हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है. चालक की तलाश की जा रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, ट्रक नो-एंट्री क्षेत्र में दाखिल हुआ था. पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है. इस दर्दनाक घटना के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मंदिर के आसपास यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं. मृतकों के परिजनों और घायलों के परिवारों में घटना को लेकर गुस्सा भरा हुआ है. फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना और हादसे की पूरी परिस्थितियों का पता लगाना है.

  • TAGS
  • [post_tags]