Hisar News: भजनलाल के गढ़ से सोनाली की बहन ने ठोकी दावेदारी

0
142
सोनाली फोगाट के साथ रुकेश पूनिया की तस्वीर।

कांग्रेस से किया आवेदन, भाजपा नेता की हत्या के बाद मिली राजनीतिक विरासत
Hisar News (आज समाज) हिसार: हरियाणा भाजपा की नेता रही सोनाली फोगाट की बहन रुकेश पूनिया कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं। रुकेश पूनिया ने पति अमन पूनिया के साथ चंडीगढ़ जाकर कांग्रेस का आवेदन भर दिया है। उन्होंने पूर्व सीएम भजनलाल के गढ़ आदमपुर से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। वह अपनी बहन सोनाली फोगाट की राजनीति को आगे बढ़ाना चाहती हैं। रुकेश पूनिया आदमपुर में लगातार चुनाव प्रचार में भी लगी हुई हैं। वह सोनाली फोगाट के समर्थकों से मिल रही हैं। रुकेश पूनिया ने दावा किया है अगर कांग्रेस आदमपुर से उनको उम्मीदवार बनाती है तो वह बहन सोनाली फोगाट के साथ अन्याय का बदला लेंगी, साथ ही कुलदीप बिश्नोई परिवार को आदमपुर में चुनौती देंगी। रुकेश पूनिया का कहना है कि भाजपा ने उनकी बहन सोनाली फोगाट के साथ कभी न्याय नहीं किया और आज तक उनको इंसाफ नहीं मिला है। रुकेश पूनिया 4 महीने पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुईं थी। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने रुकेश को पार्टी में शामिल कराया था। इससे पहले वर्ष 2022 में आदमपुर उपचुनाव में भी रुकेश पूनिया के चुनाव लड़ने की बात सामने आई थी। हालांकि, उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा था। रुकेश पूनिया कांग्रेस में शामिल होने के बाद हिसार में भूपेंद्र सिंह हुड्डा व दीपेंद्र हुड्डा के कार्यक्रमों में सक्रिय रही हैं। रुकेश पूनिया 5 भाइ-बहनों में से 3 बहनों से छोटी और दोनों भाइयों से बड़ी हैं। रुकेश के पति अमन पूनिया अर्बन स्टेट में रहते हैं, जो मूल रूप से सात रोड कला के रहने वाले हैं।

सोनाली ने कुलदीप बिश्नोई के खिलाफ लड़ा था चुनाव

सोनाली फोगाट ने 2019 में तब कांग्रेस में रहे कुलदीप बिश्नोई के खिलाफ चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में कुलदीप ने सोनाली फोगाट को 29,471 वोटों से हराया था। कुलदीप बिश्नोई को चुनाव में 63,693 वोट मिले थे। वहीं सोनाली फोगाट को 34,222 वोट मिले थे। जेजेपी के रमेश गोदारा तीसरे नंबर पर रहे। जिनको 15457 वोट मिले थे। इसके कुछ साल बाद कुलदीप बिश्नोई भाजपा में शामिल हो गए थे। तब सोनाली फोगाट ने आदमपुर से दावेदारी नहीं छोड़ने का फैसला लिया था और 2024 में खुद को आदमपुर से भाजपा का दावेदार बताया था। मगर इसके कुछ दिनों बाद ही सोनाली फोगाट का मर्डर गोवा में हो गया था।

गोवा में हुआ सोनाली का मर्डर

सोनाली फोगाट का 23 अगस्त 2022 को गोवा में मर्डर हो गया था। उस समय गोवा में उनके साथ उनका पीए सुधीर और सुखविंदर था। सोनाली के परिवार का आरोप है कि सुधीर और सुखविंदर ने उसका मर्डर किया है। सुधीर सोनाली की प्रॉपर्टी हड़पना चाहता है। इसलिए उसने सोनाली को ड्रग्स देकर मार डाला। सोनाली के भाई रिंकू ने गोवा पुलिस में शिकायत देकर सुधीर सांगवान और सुखविंदर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया। फिलहाल दोनों जमानत पर बाहर हैं।