North India Hill States, (आज समाज), नई दिल्ली: उत्तर भारत के पहाड़ों से मैदानों तक मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में आज ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आज बारिश के साथ बर्फबारी हो रही है, वहीं मैदानी इलाकों, हरियाणा, पंजाब व दिल्ली और आसपास के राज्यों में कई जगह बारिश हुई है, जिससे कुछ दिन से तेज धूप के कारण से बढ़ी गर्मी से लोगों को राहत मिली है। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर शहर में भी बारिश हो रही है, जिससे कुछ दिन से यहां जारी शुष्क मौसम से राहत मिली है। वहीं कुपवाड़ा जिले के जिरहामा इलाके में ताजा हिमपात हो रहा है, जिससे यहां का नजारा और खूबसूरत हो गया है।
कुफरी में सैलानियों ने बर्फ में की मौज मस्ती
मौसम विभाग ने बताया है कि हिमाचल की राजधानी शिमला से सटे मशहूर पर्यटन स्थल कुफरी में फिर ताजा बर्फ गिरी है जहां आज पर्यटकों ने पहुंचकर मौज-मस्ती की। कांगड़ा, चंबा, मंडी, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और सिरमौर जिलों के भी ऊंचाई वाले इलाके बर्फ से गुलजार हो गए हैं। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में अगले 6 दिनों तक बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहने का अनुमान है, जिससे तापमान और गिरेगा।
21, 22 और 24 को इन जिलों में बारिश-बर्फबारी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला (Meteorological Centre, Shimla) ने बताया है कि 21, 22 और 24 फरवरी को कांगड़ा, चंबा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के ऊंचे इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। अधिकारियों के अनुसार प्रदेश में कुछ जगहों पर 25 फरवरी को तथा कुछ जगह 26 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि 23 फरवरी को राज्य में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
राज्य में कई जगह 4-6 डिग्री तक गिर सकता है तापमान
मौसम विभाग ने कहा है कि हिमाचल के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान के 4-6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने का अनुमान है। इसके बाद अगले 2-3 दिन में तापमान लगभग 4-5 डिग्री बढ़ेगा। आने वाले 2-3 दिन में राज्य में कई जगह न्यूनतम तापमान में आहिस्ता-आहिस्ता 3-4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
उत्तराखंड : गंगोत्री, यमुनोत्री और मसूरी में भी भारी हिमपात
उत्तराखंड के भी पर्वतीय इलाकों में भारी बर्फबारी के कारण पहाड़ियों का नजारा मनमोहक हो गया है। वहीं निचले इलाकों में कहीं घने बादल छाए हैं तो कहीं बारिश हो रही है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के अलावा केदारनाथ, मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी में भी भारी हिमपात हो रहा है। कई जगह बर्फबारी के साथ बारिश का सिलसिला आज अलसुबह से जारी है।
बद्रीनाथ धाम में छह इंच तक ताजी बर्फ जमी
मां यमुना के शीतकालीन प्रवास खरसाली गांव में भी बारिश के साथ भारी हिमपात हुआ है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ हिस्सों में पहले ही मौसम खराब होने की संभावना जताई थी। 21 फरवरी से प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बद्रीनाथ धाम में दो दिन से लगातार बर्फबारी हो रही है जिससे वहां करीब छह इंच तक ताजी बर्फ जम गई है। मौसम बदलने से धाम में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बता दें कि बद्रीनाथ धाम की तीर्थयात्रा 4 मई से शुरू होनी है।
ये भी पढ़ें : Haryana Weather Update: हरियाणा के फरीदाबाद, कैथल, नारनौल, हिसार और चरखी दादरी में हुई बारिश