President Droupadi Murmu Slovakia Visit, (आज समाज), ब्रातिस्लावा: स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) का स्थायी सदस्य बनने के लिए भारत के पूर्ण समर्थन की घोषणा की है। बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इन दिनों स्लोवाकिया के आधिकारिक दौरे पर हैं और इस बीच वहां के राष्ट्रपति का यह ऐलान भारत और स्लोवाकिया के बीच अरसे से चले आ रहे रिश्तों और बढ़ते संबंधों को दर्शाता है। दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, परमाणु सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान सहित द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा की और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए अपने साझा दृष्टिकोण को मजबूत करते हुए आपसी हित के वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों की भी समीक्षा की।
जानें संयुक्त वक्तव्य क्या बोले राष्ट्रपति पेलेग्रिनी
संयुक्त प्रेस वक्तव्य के अनुसार, राष्ट्रपति पेलेग्रिनी ने भारत की बोली का समर्थन करने के लिए स्लोवाकिया की प्रतिबद्धता पर जोर दिया और कहा, मैं इस स्थान पर स्पष्ट रूप से घोषणा करना चाहूंगा कि संयुक्त राष्ट्र के भीतर, स्लोवाकिया यूएनएससी का नया स्थायी सदस्य बनने के लिए भारत की बोली का पूरी तरह से समर्थन करने के लिए तैयार है।
मैं स्लोवाकिया आकर बेहद प्रसन्न : मुर्मू
राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने वक्तव्य में स्लोवाकिया द्वारा किए गए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया और दोनों देशों के बीच आपसी सम्मान को स्वीकार किया। उन्होंने कहा, मैं स्लोवाकिया आकर बेहद प्रसन्न हूं, इस खूबसूरत देश की मेरी यह पहली राजकीय यात्रा है। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, मैं राष्ट्रपति पेलेग्रिनी और स्लोवाकिया के लोगों को मेरे व मेरे प्रतिनिधिमंडल के गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए धन्यवाद देती हूं। भारत के लोगों की ओर से मैं हार्दिक शुभकामनाएं लेकर आई हूं।
हमारे व्यापारिक संबंध फल-फूल रहे
भारतीय राष्टÑपति ने कहा, भारत और स्लोवाकिया आपसी सम्मान, लोकतांत्रिक आदर्शों और वैश्विक सहयोग के लिए साझा दृष्टिकोण पर आधारित हैं। हमारे दोनों देश अंतरराष्ट्रीय मंचों पर एक-दूसरे का समर्थन करते हैं, जो हमारी गहरी मित्रता को दर्शाता है। उन्होंने कहा, हमारे व्यापारिक संबंध फल-फूल रहे हैं और हाल के वर्षों में हमारे व्यापार और निवेश में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
यूक्रेन से छात्रों को निकालने में मदद के लिए किया धन्यवाद
राष्टÑपति मुर्मू ने कहा, मैं इस अवसर पर यूक्रेन से भारतीय छात्रों को निकालने में स्लोवाकिया के अटूट समर्थन के लिए उसे धन्यवाद देना चाहूंगी। भारत हमेशा स्लोवाकिया के सहयोग और उदारता को याद रखेगा, जो सच्चे साझेदार और मित्र के रूप में हमारे बंधन को मजबूत करता है।
दोनों राष्ट्रपतियों ने दस्तावेजों पर भी किए हस्ताक्षर
राष्ट्रपति मुर्मू और राष्ट्रपति पेलेग्रिनी ने राजनयिकों के आदान-प्रदान और लघु व मध्यम उद्यमों के क्षेत्र में सहयोग से संबंधित दस्तावेजों पर भी हस्ताक्षर किए। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, हमने व्यापार और निवेश, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, रक्षा, डिजिटल प्रौद्योगिकी, प्रवास और गतिशीलता, अंतरिक्ष, परमाणु सहयोग और संस्कृति सहित सभी क्षेत्रों को कवर करते हुए अपने दीर्घकालिक द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने और लोगों से लोगों के बीच संपर्क को और बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
ये भी पढ़ें : World Richest Person : विश्व में सबसे ज्यादा अमीर व्यक्ति एलन मस्क