(Sirsa News) ऐलनाबाद। स्थानीय नगरपालिका में हो रहे विकास कार्यों के लिए होने वाली अजेंडा बैठकों को लेकर नगरपालिका के पार्षद संतुष्ट नहीं हैं। नगरपालिका पार्षद संदीप घोड़ेला, पवन जाजू, वेद सैनी व चन्द्रमोहन, पार्षद प्रतिनिधि बंटी शर्मा व विजय व्यास ने नगरपालिका सचिव के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री व शहरी विकास मंत्री के नाम ज्ञापन भेजा हैं।
इस दौरान पार्षदों व पार्षद प्रतिनिधियों ने कहा की नगरपालिका चेयरमेन रामसिंह सोलंकी शहर के विकास के मामले में न केवल शहरवासियों को बल्कि वार्ड के जनप्रतिनिधियों को भी गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा की नगरपालिका में नियमित रूप से होने वाली अजेंडा बैठकों में जिन विकास के एजेंडो पर बात रखी जाती हैं या जो प्रस्ताव पास किये जाते हैं। असल में टेंडर के दौरान उसे मनामाने तरीके से बदल दिया जाता है। ऐसा करके पार्षदों के हस्ताक्षर करवाकर के उन्हें गुमराह किया जाता हैं।
चेयरमेन रामसिंह सोलंकी की मनमानी वार्डवासियों में पार्षदों के प्रति अविश्वास बढ़ रहा : बंटी शर्मा
पार्षद प्रतिनिधि बंटी शर्मा ने कहा की चेयरमेन रामसिंह सोलंकी की मनमानी के कारण वार्डवासियों में पार्षदों के प्रति अविश्वास बढ़ रहा है। जनप्रतिनिधि व आमजन में दरार पैदा हो रही है जिससे वार्ड में उनकी छवि का नुकसान हो रहा है।
पार्षद संदीप घोड़ेला ने कहा की नगरपालिका का बजट ऊँची दुकान फीका पकवान साबित हो रहा है।
बजट की रकम तो बड़ी संख्या प्रतीत होती है लेकिन असल में शहर का विकास ऊंट के मुँह में जीरे के समान है। उन्होंने कहा की शहर का बजट 27 करोड़ का बताया गया लेकिन असल में शहर के विकास में लगभग 3 करोड़ खर्च किये गए हैं। शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर में कम और नगरपालिका के खुद पर ज्यादा खर्च किया जा रहा है। संदीप घोड़ेला ने कहा की नगरपालिका के कागज पेन का खर्च 24 लाख रूपये कर रखा है।
इधर, नगरपालिका चेयरमेन रामसिंह सोलंकी ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि ऐलनाबाद शहर में निरंतर विकास हो रहा है। सभी विकास कार्यों के लिए नगरपालिका में नियमित बैठक होती है जिसके लिए सभी पार्षदों को बुलाया जाता है। सभी की सहमति व हस्ताक्षर से ही प्रस्ताव पास किये जाते है।
बिना पार्षदों की सहमति के कोई भी प्रस्ताव पास नहीं हो सकता। उन्होंने कहा की वित्त वर्ष 2025 का जो बजट पेश किया गया है उसके आधार पर शहर के विकास में करोड़ों रूपये खर्च किये जाने हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर पर अब तक 3 करोड़ के लगभग खर्च किये गए है। लगभग 15 करोड़ के लगभग विकास कार्य प्रस्तावित हैं, जिनका काम चल रहा हैं। पार्षदों की नाराजगी को लेकर चेयरमेन रामसिंह सोलंकी ने कहा की मुझे नहीं पता वो किस बात पर नाराज हैं लेकिन शहर के विकास में किसी तरह की अड़चन नहीं आने दूंगा शहर का विकास निरंतर जारी रहेगा।
इस पुरे मामले में नगरपालिका सचिव रविंद्र कुमार ने कहा कि शहर के विकास कार्यों के लिए अजेंडा बैठक होती है। जिसमे शहर के सभी वार्डो के पार्षदों को लिखित में पूर्व में बताया जाता है। उन पर सहमति बनने पर ही प्रस्ताव पास किया जाता है। एक-एक पार्षद की प्रतिक्रिया दर्ज की जाती है। नगरपालिका के कुछ पार्षदो ने आज उन्हें ज्ञापन दिया है। जिसे मार्क करके आगे भेजा जायेगा। नगरपालिका के पार्षद व चेयरमेन के बीच सामंजस्य बनाकर शहर के विकास को आगे बढ़ाया जायेगा।
यह भी पढ़ें: Save Phone Battery : क्या आपका स्मार्टफोन भी पहले जैसा बैटरी बैकआप नहीं देता, अपनाए ये टिप्स
यह भी पढ़ें: BYD Supercharging तकनीक, 5 मिनट चार्ज कर चलाओ 400KM