रेशम उत्पादन में वृद्धि, किसान आर्थिक रूप से हो रहे हैं सशक्त
Punjab News Today (आज समाज), चंडीगढ़ : प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य किसानों को कृषि के साथ-साथ कृषि से जुड़े सहायक धंधों के साथ जोड़ना है ताकि उनका जीवन आर्थिक रूप से ज्यादा सशक्त हो सके। इसके लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार प्रदेश में रेशम की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए तेजी से कार्य कर रही है। यह जानकारी देते हुए बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने बताया कि पिछले कुछ समय में राज्य ने रेशम उत्पादन में महत्वपूर्ण प्रगति की है। इस पहल का उद्देश्य किसानों का जीवन स्तर ऊंचा उठाना और राज्य की आर्थिक संरचना को और अधिक मजबूत करना है।
सिल्क मार्क एक्सपो 2024 से मिला लाभ
एक महत्वपूर्ण पहल के तहत, किसान भवन, चंडीगढ़ में ‘सिल्क मार्क एक्सपो 2024’ का आयोजन किया गया। मंत्री मोहिंदर भगत द्वारा उद्घाटन किए गए इस कार्यक्रम ने रेशम की खेती के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता को दर्शाया और देशभर के कारीगरों और व्यापारियों को एक मंच प्रदान किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने पंजाब में रेशम की खेती की यात्रा शीर्षक से एक ब्रोशर भी जारी किया, जिसमें इस क्षेत्र के विकास और उपलब्धियों को दर्शाया गया।
सरकार ने बढ़ाई कोकून की कीमत
मंत्री मोहिंदर भगत ने रेशम की खेती के माध्यम से ग्रामीण सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता के बारे में बताते हुए कहा कि सरकारी प्रयासों से पंजाब में कोकून की कीमत 550 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 1,250 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है, जिससे रेशम की खेती करने वाले किसानों, विशेष रूप से इस क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं को उचित पारिश्रमिक सुनिश्चित किया जा रहा है।
सरकार उच्च गुणवत्ता के रेशमकीट करवा रही उपलब्ध
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि कोकून का वार्षिक उत्पादन 29,000 किलोग्राम तक पहुंच गया है। डलहौजी में रेशमकीट बीज उत्पादन केंद्र की पुन: सक्रियता का उद्देश्य किसानों में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना और उन्हें कम कीमत पर उच्च गुणवत्ता वाले रेशमकीट बीज उपलब्ध कराना है।
उन्होंने उल्लेख किया कि राज्य को स्कॉच नेशनल अवार्ड 2024 में रेशम की खेती के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और सामाजिक-आर्थिक विकास परियोजना के लिए सिल्वर अवार्ड से सम्मानित किया गया है, जो महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक-आर्थिक विकास पर इसके सकारात्मक प्रभाव को दर्शाता है।
ये भी पढ़ें : Punjab News : 583 करोड़ रुपए जारी करे केंद्र : डॉ. बलजीत कौर