हिन्दुस्तान टीम, इटावा। समाजवादी पार्टी से अलग होकर शिवपाल यादव ने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का गठन किया था। हालांकि उस दौरान चाचा शिवपाल और भतीजे अखिलेश के बीच रिश्ते बहुत तल्खी थी। लेकिन आगामी यूपी चुनावों को देखते हुए शिवपाल यादव ने अपने तेवर नरम कर दिए हैं। उन्होंने इटावा में एक कार्यक्रम के दौरान 2022 में यूपी के विधान सभा चुनावों को लेकर अपने भतीजे के प्रति नरम रुख अख्तियार किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में सपा के साथ गठबधन को पूरी तरह तैयार है। उन्होंने समाजवादी पार्टी और अपने भतीजे के प्रति बहुत ही सकारात्मक रवैया अपनाते हुए कहा कि चुनाव जीतने पर मुख्यमंत्री तो अखिलेश ही बनेंगे। मुझे मुख्यमंत्री नहीं बनना है यह मैं कई बार कह चुका हूं। शिवपाल ने कहा कि अखिलेश मान जाएंगे तो 2022 में उत्तर प्रदेश में सरकार भी बना लेंगे। उनका कहना था कि सैफई में नेताजी के जन्मदिन पर परिवार को एकजुट होकर इसे मनाना चाहिए। मुलायम सिंह के जन्मदिन पर एकता दिवस मनाने जा रहे हैं। परिवार की एकता बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश मान जाते हैं और उन्हें मान जाना चाहिए। बता दें कि प्रसपा प्रदेशभर में 22 नवंबर को नेताजी मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन मनाने जा रही है। इस मौके पर शिवपाल ने परिवार के सभी लोगों को आमंत्रित किया है।