Panipat News: पानीपत में वरिष्ठ भाजपा नेता विजय जैन ने छोड़ी पार्टी, कांग्रेस में हुए शामिल

0
160
पानीपत में वरिष्ठ भाजपा नेता विजय जैन ने छोड़ी पार्टी, कांग्रेस में हुए शामिल
पानीपत में वरिष्ठ भाजपा नेता विजय जैन ने छोड़ी पार्टी, कांग्रेस में हुए शामिल

Panipat News (आज समाज) पानीपत: पानीपत में भाजपा को एक और बड़ा झटका लगा है। वरिष्ठ नेता विजय जैन ने अपनी प्राथमिक सदस्यता समेत तमाम पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफे की कापी जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट को भेजी है। इसके बाद जैन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में कांग्रेस में शामिल हो गए। जैन पानीपत ग्रामीण विधानसभा से टिकट के दावेदार थे। उन्होंने विधानसभा के साथ उनके वार्ड-26 में विकास कार्यों में भेदभाव के भी आरोप लगाए हैं। विजय जैन ने सोमवार को अपना एक पेज का इस्तीफा भाजपा जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट को व्हाट्सएप पर भेजा है। उन्होंने अपने इस्तीफे में लिखा कि उनके हलके और वार्ड में विकास कार्यों में अनदेखी बरती जा रही है। वह इससे आहत हैं और अपनी प्राथमिक सदस्यों समेत सभी पदों से इस्तीफा दे रहे हैं। विदित है कि लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पानीपत शहर की पूर्व विधायक रोहिता रेवड़ी ने इसी तरह भाजपा छोड़ी थी। उन्होंने भी जिलाध्यक्ष के व्हाट्सएप पर अपना इस्तीफा भेजा था। वे पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में कांग्रेस में शामिल हुई थी। उनके साथ उनके पति सुरेंद्र रेवड़ी भी भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। विजय जैन करीब डेढ़ सौ गाड़ियों का काफिला लेकर सोमवार रोहतक के लिए रवाना हो गए। विजय जैन शहरी स्थानीय निकाय के 2019 के चुनाव भाजपा के टिकट पर जीतकर वार्ड-26 से निगम पार्षद बने थे। उन्होंने अपने वार्ड में विकास कार्यों को लेकर सदन में कई बार आवाज उठाई। उन्होंने उस समय भी अनदेखी बरतने के आरोप लगाए थे। उन्होंने इसके बाद निगम के साथ पानीपत ग्रामीण विधानसभा में प्रचार प्रसार शुरू कर दिया था। वे गांवों के साथ बाहरी कॉलोनियों में लगातार जनसंपर्क कर रहे थे। उन्होंने पिछले दिनों सेक्टर-13-17 में कार्यालय का शुभारंभ किया था। जिसमें पानीपत ग्रामीण विधानसभा की कॉलोनियों व गांवों से मौजिज लोगों को आमंत्रित किया था।