Hisar News : सावित्री जिंदल देश में चौथी सबसे अमीर महिला

0
170

2.77 लाख करोड़ संपत्ति, फॉर्च्यून इंडिया की टॉप 10 लिस्ट में इकलौती महिला
Hisar News (आज समाज) हिसार: जिंदल परिवार की मुखिया एवं जिंदल समूह की चेयरपर्सन सावित्री जिंदल देश में चौथे नंबर पर सबसे अमीर हैं। इसके अलावा वह देश की सबसे अमीर महिला भी हैं। सावित्री जिंदल हरियाणा के हिसार की रहने वाली हैं और स्टील किंग स्व. ओपी जिंदल की पत्नी हैं। इनके बेटे नवीन जिंदल कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद हैं। फॉर्च्यून इंडिया ने सबसे अमीर लोगों की सूची जारी की है। जिसके मुताबिक 74 वर्षीय सावित्री देवी जिंदल लगभग 2.77 लाख करोड़ रुपए की मालकिन हैं। टॉप 10 में इकलौती महिला होने के साथ वह चौथे स्थान पर हैं। सावित्री जिंदल हिसार विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट की दावेदार हैं। वह कांग्रेस में होते हुए यहां से विधायक और मंत्री बन चुकी हैं। साल 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले वह अपने बेटे नवीन जिंदल के साथ भाजपा में शामिल हो गई थीं। फॉर्च्यून इंडिया की रिपोर्ट के आधार पर आकलन किया जाए तो भारत के सबसे अमीर लोगों की कुल संपत्ति करीब 99.86 लाख करोड़ रुपए हो गई है। यह देश की जीडीपी के 33.81 प्रतिशत के बराबर है। लिस्ट में शामिल 185 लोगों के पास 8 हजार करोड़ की संपत्ति है।

कोलकाता में लगाई पहली फैक्ट्री

हिसार के गांव नलवा में जन्मे ओपी जिंदल किसान परिवार से आते हैं। छठी कक्षा तक पढ़े ओपी जिंदल अपने भाइयों की तरह ही बाहर जाकर कमाना चाहते थे। दूसरे विश्व युद्ध के अंतिम समय में असम अमेरिकी फौजियों का बड़ा गढ़ था। इसलिए युद्ध के बाद लोहे और इस्पात से बना बहुत सा माल, वे यहीं छोड़ गए थे। ओपी जिंदल को यहीं से व्यापार करने का आइडिया आया। साल 1952 में जिंदल ने कोलकाता के पास लिलुआ में पाइप बेंड और सॉकेट बनाने की फैक्ट्री लगाई। उन्होंने इस फैक्ट्री का नाम जिंदल इंडिया लिमिटेड रखा। यहीं से उनके सफर की शुरूआत हुई। ओपी जिंदल असम के बाजारों से नीलामी में पुराने पाइप खरीदते थे और उन्हें कोलकाता में बेचते थे। टाटा और कलिंग के बाद भारत में यह तीसरी इस किस्म की फैक्ट्री थी। इसके बाद 1960 में ओपी जिंदल अपने पैतृक जिले हिसार में वापस आ गए।

हिसार में बाल्टी बनाने का काम शुरू किया

ओपी जिंदल ने हिसार आकर सबसे पहले बाल्टी बनाने की फैक्ट्री लगाई। इससे आमदनी शुरू हुई तो 1962 में जिंदल इंडिया लिमिटेड हिसार में भी फैक्ट्री खोल दी। इसके बाद 1969 में जिंदल स्ट्रिप्स लिमिटेड के नाम से फैक्ट्री खोली। आज इसका नाम स्टेनलेस है। अब जिंदल ग्रुप का देश विदेश में इस्पात, बिजली, सीमेंट और बुनियादी ढांचे में निवेश है। साल 2005 में हेलिकॉप्टर क्रैश में ओपी जिंदल की मौत के बाद जिंदल समूह की कंपनियों का 4 बेटों में बंटवारा हो गया। उनमें से एक बिजनेस टाइकून सज्जन जिंदल हैं, जो खरह स्टील चलाते हैं।

25 अरब डॉलर तक पहुंची संपत्ति

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक जिंदल ग्रुप की अध्यक्ष सावित्री जिंदल की कुल संपत्ति में पिछले 2 साल में भारी इजाफा हुआ है। सावित्री जिंदल फोर्ब्स की सूची में 2020 में 349वें नंबर पर थीं। इसके बाद अगले ही साल 2021 में 234 और 2022 में 91वें नंबर पर पहुंच गई।

15 साल की उम्र में 6 बच्चों के पिता से शादी की

सावित्री जिंदल का जन्म असम के तिनसुकिया में 20 मार्च 1950 को जन्म हुआ था। उनकी 15 साल की उम्र में ओपी जिंदल से शादी हो गई। ओपी जिंदल की यह दूसरी शादी थी। जिंदल को पहले पत्नी विद्या देवी से 6 बच्चे हैं। नवीन जिंदल सावित्री जिंदल का बेटे हैं और नवीन की 3 और बहने भी हैं। सावित्री देवी ने छोटी उम्र में 6 बच्चों के साथ-साथ पति और अपने 4 बच्चों को भी पाला। 2005 में पति की मौत के बाद बिजनेस संभाला और राजनीति में भी हाथ आजमाए। सावित्री जिंदल ने पति की मौत के बाद 2005 में हिसार से उपचुनाव लड़ा और जीतकर राजनीति में एंट्री की। लगातार दो चुनाव जीतकर हरियाणा कैबिनेट में मंत्री बनी।