Sanjauli Mosque Case : संजौली मस्जिद निर्माण मामला, स्थिति तनावपूर्ण, हिंसक झड़पें

0
34
संजौली मस्जिद निर्माण मामला, स्थिति तनावपूर्ण, हिंसक झड़पें
संजौली मस्जिद निर्माण मामला, स्थिति तनावपूर्ण, हिंसक झड़पें

Sanjauli Mosque Case (आज समाज), शिमला : संजौली में मस्जिद निर्माण को लेकर बवाल जारी है। आज यहां पर हिंसक प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं। प्रदर्शनकारी किसी भी बात पर मानने को राजी नहीं है और पुलिस के साथ झड़पें लगातार जारी हैं।

आज सुबह से पुलिस प्रदर्शनकारी को पीछे हटाने के लिए कई बार बल का प्रयोग कर चुकी है। लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे हटने की बजाए पुलिस को ही चुनौती देते दिखाई दे रहें है। पुलिस द्वारा दो बार लाठीचार्ज किया जा चुका है। जिसमें कई प्रदर्शनकारियों को चोट पहुंची है। दूसरी तरफ प्रदर्शनकारियों की तरफ से भी पुलिस पर हमला किया गया जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों को भी चोट पहुंची है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और इसका प्रभाव प्रदेश के अन्य हिस्सों पर भी पड़ सकता है।

दरअसल बुधवार सुबह ही हिंदूवादी संगठनों के सदस्य मस्जिद निर्माण को अवैध बताते हुए मस्जिद के नजदीक एकत्रित होना शुरू हो गए। इसके बाद भीड़ बढ़ती हुई देखकर पुलिस बल भी मौके पर तैनात हो गया। लेकिन कुछ ही समय बाूद प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया। समाचार लिखे जाने तक माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। प्रदर्शनकारियों की ओर से फिर से बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश की गई।

लाठीचार्ज में कई प्रदर्शनकारियों को भी चोटें आई हैं। एसपी शिमला प्रदर्शनकारियों को मनाने में जुटे हैं, लेकिन लोग हटने को तैयार नहीं हैं। प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछारें छोड़कर कर रोकने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल प्रदर्शनकारी संजौली बाजार में डटे हैं। प्रदर्शनकारी मस्जिद से करीब 100 मीटर दूर हैं। डीसी शिमला, आईजी जेपी सिंह भी मौके पर पहुंचे हैं। लाठीचार्ज पर स्थानीय लोग भड़क गए हैं।