केशव पार्क में चल रहे 102वें जनकल्याण 1008 कुंडीय शिव-शक्ति महायज्ञ में हर रोज डाली जा रही 1 लाख आहुतियां
Kurukshetra News (आज समाज) कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में 26 मार्च को धर्म संसद कर आयोजन किया जाएगा। इस धर्म संसद में देशभर के संत महात्मा हिस्सा लेने के लिए कुरुक्षेत्र आएंगे। भारत के अलावा 7 देशों से संत महात्मा, ऋषि, महंत, ब्राह्मण व अन्य लोग भी इस धर्म संसद में हिस्सा लेने के लिए कुरुक्षेत्र आएंगे। धर्म संसद का आयोजन केशव पार्क में ही किया जाएगा।
यह आयोजन शाम 5 से 7:30 बजे तक चलेगा। वहीं कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में चल रहे 102वें जनकल्याण 1008 कुंडीय शिव-शक्ति महायज्ञ में हर रोज 1 लाख आहुतियां डाली जा रही हैं। 27 मार्च तक चलने वाले इस महायज्ञ को पूरा करवाने के लिए देश भर से 1200 प्रकांड ब्राह्मण व 1500 विद्वान कुरुक्षेत्र पहुंचे हैं।
10 विशेष प्रकार के यज्ञ कुंड किए गए स्थापित
इस महायज्ञ में 10 विशेष प्रकार के यज्ञ कुंड स्थापित किए गए हैं। इन कुंडों की संरचना वेदों और शास्त्रों में वर्णित विधियों के अनुसार की गई है। यज्ञशाला के केंद्र में प्रधान कुंड स्थित है। प्रधान कुंड सभी कुंडों का प्रतिनिधित्व करता है। इसके चारों ओर 9 आकृतियों के विशेष कुंड बनाए गए हैं। प्रत्येक कुंड का अपना धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है, और उनमें हवन करने से अलग-अलग प्रकार के शुभ फल प्राप्त होते हैं। शास्त्रों के अनुसार, प्रत्येक यज्ञ कुंड की पहली सीढ़ी पर भगवान विष्णु, दूसरी सीढ़ी पर ब्रह्मा और तीसरी सीढ़ी पर महादेव का वास होता है।
यह यज्ञ कुंड किए गए स्थापित
- गुणवान संतान की प्राप्ति के लिए योनिकुंड
- पारिवारिक सुख-समृद्धि के लिए अर्धचंद्र कुंड
- शत्रुओं पर विजय पाने के लिए त्रिकोण कुंड
- राष्ट्र की शांति और समृद्धि के लिए वृत्त कुंड
- रोगों के नाश के लिए अष्टास्त्र कुंड
- मन की नकारात्मकता दूर करने के लिए षडास्त्र कुंड
- मनोकामना पूर्ति के लिए चतुष्कोणास्त्र कुंड
- नकारात्मक शक्तियों से रक्षा के लिए पद्म कुंड
केवल धोती धारण करने वाले श्रद्धालुओं को ही यज्ञशाला में प्रवेश की अनुमति
महायज्ञ में शामिल होने वाले यजमानों के लिए परंपरागत नियमों का पालन अनिवार्य किया गया है। केवल धोती धारण करने वाले श्रद्धालुओं को ही यज्ञशाला में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। हर यजमान विधिपूर्वक स्नान कर, संकल्प लेकर हवन कर रहा है। इस पवित्र स्थल पर प्रवेश करने मात्र से ही भक्तों को अद्भुत सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हो रहा है।
ये भी पढ़ें : हरियाणा के सीएम नायब सैनी आज जारी करेंगे पीएम आवास योजना की पहली किस्त
ये भी पढ़ें : पंजाब पुलिस ने हटाए किसान, आज खुलेगा शंभू बॉर्डर